28 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jodhpur: जोधपुर में काले हिरण के शिकार की आशंका, शरीर पर चोट और गोली के निशान, वन्यजीव प्रेमियों में आक्रोश

जोधपुर के तिलवासनी गांव में संदिग्ध हालत में एक कृष्ण मृग का शव मिलने से वन्यजीव प्रेमियों में रोष है। शरीर पर चोट और गोली लगने जैसे निशान मिलने के बाद शिकार की आशंका जताई जा रही है।

2 min read
Google source verification
Deer hunting in Jodhpur

मौके पर पहुंची पुलिस टीम। फोटो- पत्रिका

जोधपुर। निकटवर्ती तिलवासनी गांव में वन्यजीव शिकार का मामला सामने आया है। गांव की रेला नाड़ी के पास एक नर कृष्ण मृग (काला हिरण) का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। मृत हिरण के शरीर पर चोटों के निशान और गोली लगने जैसे संकेत मिलने के बाद वन्यजीव प्रेमियों ने शिकार की आशंका जताई है। ग्रामीणों के अनुसार खेतों के पास हिरण का शव पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत वन्यजीव प्रेमियों को सूचना दी।

यह वीडियो भी देखें

सूचना मिलते ही मनोज, राकेश नैन, राजू नैन, रामदीन नैन और राजेश सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और बिलाड़ा वन विभाग को घटना की जानकारी दी। वन्यजीव प्रेमियों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम देर रात तक मौके पर नहीं पहुंची। इसके विरोध में वन्यजीव प्रेमी घटनास्थल पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त किया गया।

गोली मारकर शिकार का अंदेशा

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हिरण का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। उसका पेट फटा हुआ दिखाई दे रहा था और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान भी मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला गोली मारकर शिकार करने का माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वन्यजीव प्रेमियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों का शिकार हो रहा है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से शिकारियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। राकेश नैन ने चेतावनी दी कि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो जोधपुर में आंदोलन किया जाएगा।

अज्ञात शिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज

सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेंजर आशुतोष शर्मा, वन रक्षक रामप्रकाश भेंदा, रामचंद्र गोदारा, अशोक कुमार और जयसिंह सांखला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। विभाग ने कृष्ण मृग के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और अज्ञात शिकारियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेंजर आशुतोष शर्मा ने बताया कि संदेह के दायरे में आने वाले लोगों से पूछताछ की जाएगी। क्षेत्र में दिन-रात गश्त बढ़ाने के साथ संदिग्ध लोगों की तलाश में सर्च अभियान भी चलाया जा रहा है।