
मृतक पति-पत्नी। फाइल फोटो- पत्रिका
जोधपुर। जिंदगी भर साथ निभाने का वादा करने वाले ओमप्रकाश और आशा आखिरकार मौत के सफर में भी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ पाए। महज दो दिन के अंतराल में पति-पत्नी दोनों के निधन से परिवार ही नहीं, पूरा मोहल्ला गमगीन हो गया। जिसने भी इस घटना के बारे में सुना, उसकी आंखें नम हो गईं। लोग दोनों के अटूट रिश्ते और आपसी प्रेम को याद कर रहे हैं। मूल रूप से नवचौकिया और वर्तमान में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-16 निवासी ओमप्रकाश दुपहिया वाहन से बॉम्बे मोटर क्षेत्र से गुजर रहे थे।
यह वीडियो भी देखें
इसी दौरान अचानक एक गाय डिवाइडर पार कर सड़क पर आ गई और उनकी बाइक से टक्कर हो गई। इसके बाद गंभीर स्थिति में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार पर यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं थी। आसपास के लोगों ने भी हादसे के बाद परिवार को संभालने का प्रयास किया, लेकिन घर का माहौल पूरी तरह गम में डूब गया।
उनकी पत्नी आशा पहले से ही ऑटो इम्यून बीमारी से पीड़ित थीं और उनका स्वास्थ्य लंबे समय से ठीक नहीं चल रहा था। बेटे अभिजीत ने बताया कि पिता के निधन के बाद मां को अचानक स्ट्रोक आया। हालत बिगड़ने पर उनका उपचार भी कराया गया, लेकिन उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली। लगातार दो दिनों में घर में हुई दो मौतों से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बुधवार 28 मई को जोधपुर में आशा का अंतिम संस्कार किया गया। एक ही घर से दो दिनों में दो अर्थियां उठने का दृश्य देखकर हर किसी की आंखें भर आईं। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि दोनों के बीच बेहद गहरा अपनापन था। वे हर सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ निभाते थे। अब उनकी कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग कह रहे हैं कि जैसे दोनों ने जीवनभर साथ निभाया, वैसे ही इस दुनिया को भी लगभग साथ छोड़ गए।
इससे पहले जोधपुर जिले के बालेसर थाना क्षेत्र के जियाबेरी सरहद में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया था। यहां आगे चल रही एक पिकअप गाड़ी को पीछे से तेज रफ्तार दूसरी पिकअप ने टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आगे चल रही गाड़ी के परखच्चे उड़ गए थे और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
Updated on:
28 May 2026 09:57 pm
Published on:
28 May 2026 09:01 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
