
जोधपुर.
ढाई लाख रुपए लेन-देन के विवाद में सरदारपुरा ई रोड स्थित हैयर सैलून दुकान से संचालक का अपहरण करने के चारों आरोपियों को अदालत ने शनिवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के निर्देश दिए।
उप निरीक्षक दिनेश ने बताया कि प्रकरण में आरोपी मूलत: नागौर जिले में गोटन हाल चानणा भाखर में ज्योति नगर निवासी नंदू उर्फ नंदकिशोर गोस्वामी, मसूरिया की बैंक कॉलोनी निवासी ललित घांची, मिल्कमैन कॉलोनी निवासी अंकित भाटी और मूलत: नोखा तहसील में रासीसर हाल खाण्डा फलसा निवासी पवन विश्नोई को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गौरतलब है कि अंकित भाटी व द मैंस सैलून के संचालक रिजवान के बीच ढाई लाख रुपए लेन-देन का विवाद है। राशि न लौटाए जाने व रिजवान के गायब होने पर अंकित ने तीनों दोस्तों के साथ मिलकर गत बुधवार रात सैलून दुकान में मौजूद रिजवान के भाई इरफान का कार में अपहरण कर लिया था। सात घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे सकुशल छुड़वा लिया था। साथ ही आरोपियों को गिरफ्तार किया था।