
बालेसर (जोधपुर). बालेसर थाना पुलिस ने एक और सफलता हासिल करते हुए बालेसर सहित आसपास गांव में नकबजनी एवं चोरी की घटनाओं को अंजाम देने पर शातिर चोर गिरोह के दूसरे सदस्य को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी दीप सिंह भाटी ने बताया कि बालेसर थाना क्षेत्र के फलोदी रोड फांटा, कुई जोधा, दुर्गावतां, सहित गांव में जुलाई व अगस्त माह में घरों में घुसकर नकबजनी एवं चोरी की वारदातों को अंजाम देते हुए लाखों रुपए के जेवर चुराए थे।
इस चोरी की वारदातों का खुलासा करने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राहुल बाहरठ, बालेसर पुलिस उप अधीक्षक राजू राम चौधरी के निर्देशानुसार पुलिस ने टीमें बनाकर जांच शुरू की। बालेसर निवासी शातिर चोर प्रकाश पुत्र जैनाराम माली को हिरासत में लेकर पूछताछ की तथा तकनीकी संसाधनों का सहयोग लेकर वारदात का खुलासा किया।
वही शातिर चोर प्रकाश पुत्र जेनाराम माली चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं को स्वीकार किया। पुलिस ने शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी किया गया सामान बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। थाना अधिकारी ने बताया कि इस मामले में पूर्व में मोती सिंह पुत्र भंवर सिंह को गिरफ्तार किया था जो अभी न्यायिक हिरासत में है। थाना अधिकारी ने बताया कि इस चोरी की वारदातों का खुलासा करने विशेष सहयोग एवं भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।