जोधपुर

प्याज के बाद अब आलू दिखाने लगा आंख

-प्याज की राह पर चला आलू, रिटेल में 40 रुपए प्रति किलो की दर से हो रही बिक्री - पंजाब में गत दिनों हुई बारिश से आवक हुई कम
less than 1 minute read
प्याज के बाद अब आलू दिखाने लगा आंख
प्याज के बाद अब आलू दिखाने लगा आंख

जोधपुर. प्याज के बाद अब आलू भी आम आदमी की जेब पर भारी पड़ रहा है। पिछले 10 दिनों में इसके रिटेल दाम 100 फ ीसदी से ज्यादा बढ़ गए हैं और यह बाजार में 35-40 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। पिछले साल दिसंबर के मुकाबले इसकी कीमतें दो से तीन गुना तक बढ़ी हैं। हालांकि आलू कारोबारी इसे अस्थाई ट्रेंड बता रहे हैं। कीमतें कुछ दिनों में सामान्य होने की उम्मीद की जा रही है।


उपभोक्ताओं को मिल रहे 4० रुपए किलो

जोधपुर के रिटेल बाजारों में आलू 35-40 रुपए किलो तक बिक रहा है, जो पिछले हफ्ते 20 से 25 रुपए की रेंज में था। गत वर्ष इस दौरान दिसंबर 2018 में आलू की कीमत 6-10 रुपए किलो थी। आलू कारोबारियों का कहना हैं कि पंजाब से नए आलू की आवक में कमी और बारिश के चलते कई इलाकों में निकासी प्रभावित होने से आलू के दाम बढ़ गए हैं।

यूपी-पंजाब से आ रहा आलू

आलू व्यापारियों के अनुसार वर्तमान में उत्तर प्रदेश, पंजाब से आलू आ रहा है। दो माह के लिए गुजरात से भी आलू की आवक होती है। नए आलू की सप्लाई दिसम्बर-जनवरी में शुरूहोती है। आलू के अलावा ज्यादातर हरी सब्जियां भी बारिश और ओलावृष्टि के चलते महंगी हो गई हैं। गोभी, पालक व टमाटर के दाम पिछले दिसंबर के मुकाबले 50-60 फीसदी ज्यादा हैं।

इनका कहना है
बाजार के हिसाब से आलू के भावों में ज्यादा तेजी नहीं है। पिछले 10-12 दिनों में पंजाब में बारिश की वजह से आलू की तैयार नई फसलों को निकाला नहीं जा सका। इसलिए आवक कम हुई व भावों में तेजी आई। आलू के भावों में तेजी नहीं आएगी, स्थिरता रहेगी।

राकेश परिहार, होलसेल विक्रेता, भदवासिया मंडी

Published on:
21 Dec 2019 01:02 am