जोधपुर

जोधपुर में सिलिकोसिस पीडि़तों की मौत के बाद मदद को मोहताज परिवार

सिलिकोसिस पीडि़तों के सामने चुनौती
3 min read
• •
Updated: 23 Jan 2018, 5:48 PM IST
After the death of Silicosian victims in Jodhpur
After the death of Silicosian victims in Jodhpur

जोधपुर . सिलिकोसिस बीमारी से जान गंवाने वाले पीडि़तों के परिजन अब सहायता राशि के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। कभी कलक्टर के पास तो कभी तहसीलदार के यहां चक्कर लगाकर वे थक चुके हैं। कई पीडि़त तो एेसे भी हैं, जिन्होंने सिलिकोसिस जांच पॉजिटिव आने के बाद अ प्रमाण-पत्र बनवा लिया, फिर भी उनको जीते जी एक लाख की सहायता राशि नहीं मिली और न ही मरने के बाद उनके परिजनों को। अब ब प्रमाण-पत्र बनवाकर तीन लाख रुपए की सहायता राशि के लिए प्रयास कर रहे हैं। यह सिलिकोसिस पीडि़त वे लोग हैं, जो खान में मजदूरी करने के दौरान इस बीमारी का शिकार हुए। अब इनके सामने घर चलाने का संकट खड़ा हो गया है। जिले में वर्तमान में लगभग दो लाख खान मजदूर काम कर रहे हैं। इनमें से ३ हजार सिलिकोसिस की चपेट में है। इनमें से भी ३२९ मरीज एेसे हैं, जिनकी रिपोर्ट तो पॉजिटिव आई है, लेकिन मेडिकल कॉलेज इस रिपोर्ट को मानने से इनकार कर रहा है।

एमएमयू की जांच को ही नहीं मानती मेडिकल कॉलेज

सिलिकोसिस पीडि़त की जांच को लेकर सरकार ने जिले में लगभग १९ जिलों में एमएमयू (मेडिकल मोबाइल यूनिट) लगाई। ताकि, इनकी जांच में आसानी हो और उनको इधर-उधर चक्कर नहीं लगाने पड़े। लेकिन, इसमें सबसे बड़ी पेचीदगी मेडिकल कॉलेज ने ही खड़ी कर रखी है कि वह एमएमयू में हुई सिलिकोसिस पीडि़तों की जांच को ही नहीं मान रहा है। जबकि, सरकार ने सिलिकोसिस की जांच के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए हैं। एमएमयू को पीपीपी मोड पर दिए हुए एक महीना हो गया है, लेकिन अभी तक जांच शुरू नहीं हुई है। इसमें पहले सीएमएचओ और मेडिकल कॉलेज की ओर से दो अलग-अलग बोर्ड थे, जो सिलिकोसिस संभावितों की जांच करके अ और ब प्रमाण-पत्र जारी करते थे, लेकिन छह महीने पहले ही सीएमएचओ के इस बोर्ड को भंग कर दिया गया है।

जीते जी पीडि़त और मरने के बाद घर वालों की टूटी आस

केस - १

अंधी मां के तीन लाल सिलिकोसिस की चपेट में, दो ने गंवाई जान

यह हैं भूरीबेरी निवासी ८५ वर्षीय हवादेवी। उनके तीन बेटे हैं और तीनों ही सिलिकोसिस बीमारी से पीडि़त। इनमें से दो बेटों शिवलाल और मोहन की तो दो साल पहले मौत हो चुकी है। तीसरा बेटा मनोहर भी इसी बीमारी का दंश झेलकर मजबूरी में फिर से खान में मजदूरी कर रहा है। जबकि, उसे पता है कि इस बीमारी के बाद खान उसकी जिंदगी निगल लेगी। हवादेवी को दोनो बेटों की मौत के बाद मिलने वाली छह लाख की सहायता राशि अभी तक नहीं मिली है। इसके लिए वह अधिकारियों के यहां कई बार दस्तक दे चुकी है। हालत यह हो गई है कि इनके घर में बच्चों की पढ़ाई तो दूर खाने तक का संकट आ गया है।

केस - २

पति की मौत के बाद सब्जी बेचकर चला रही घर, खुद भी सिलिकोसिस पॉजिटिव

सूरसागर काली बेरी निवासी नारायणी देवी सिलिकोसिस पॉजिटिव है। एक साल पहले इस बीमारी ने उनके पति जोगाराम की सांसें छीन ली। इसके बाद से नारायणी सब्जी का ठेला लगाकर गुजर-बसर कर रही हैं। अ प्रमाण-पत्र जारी होने पर पति-पत्नी को एक-एक लाख रुपए की सहायता राशि तो मिल गई थी, लेकिन एक साल पहले पति की मौत के बाद ब प्रमाण-पत्र जारी होने के बाद भी तीन लाख रुपए की सहायता राशि नहीं मिली है।

एमएमयू को दे दिया पीपीपी मोड पर

एमएमयू को पीपीपी मोड पर दे दिया है। अब वही इसमें जांच कर रही है। पहले सीएमएचओ और मेडिकल कॉलेज दोनों के ही इस जांच को लेकर अलग-अलग बोर्ड थे, लेकिन छह महीने पहले ही इस बोर्ड को भंग कर दिया गया। अब मेडिकल कॉलेज का बोर्ड ही जांच करके प्रमाण-पत्र जारी कर रहा है।

डॉ. सुरेंद्रसिंह चौधरी, सीएमएचओ

एमएमयू में केवल स्क्रीनिंग के बाद बोर्ड करता है जांच

एमएमयू में केवल संभावितों की स्क्रीनिंग ही होती है। इसके बाद उन्हें बोर्ड जांच करने के बाद प्रमाण-पत्र जारी करता है। फिर भी अगर कोई मरीज इस कैटेगरी में है तो दिखवा लेंगे।

डॉ. पीसी व्यास, अधीक्षक, टीबी हॉस्पिटल

Published on:
Also Read
View All