
जोधपुर.
कोरोना के बीच हाल ही पंचपर्व का प्रतीक दीपावली त्योहार बाजार में जान डाल चुका है। शादियों का सीजन शुरू होने वाला है और शहर में देवउठनी एकादशी से शादियों का सिलसिला शुरू होगा। फेस्टिवल सीजन निकलने के बाद अब एक बार फिर मार्केट खरीदारी से गुलजार है। इस बार वैश्विक कोरोना महामारी खलल डाल रही है, इसके बावजूद, व्यापारियों ने दीपावली के बाद शादियों के सीजन में होने वाली खरीदारी के लिए तैयारी कर ली है। शहर के प्रमुख बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है। शादी-विवाह के अवसर पर लोग ऑनलाइन से ज्यादा ऑफलाइन खरीदारी को तवज्जो दे रहे हैं। इसी का असर है कि दीपावली के बाद भी बाजार गुलजार है। शादियों की प्रमुख खरीदारी के लिए प्रसिद्ध भीतरी शहर के प्रमुख बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
---
भीतरी शहर में खरीदारी पहली पसंद
शादियों की खरीदारी के लिए लोगों की पहली पसंद भीतरी शहर के बाजार ही हैं। बाजार विशेषज्ञों की मानें तो फेस्टिव सीजन के बाद वेडिंग सीजन बाजार के लिए भी अच्छा माना जाता है। इस सीजन में हर सेक्टर में बूम खरीदारी होती है। भीतरी शहर का सोजती गेट, घंटाघर व त्रिपोलिया बाजार में कपड़ों की खरीदारी परवान पर हैं।
-----
पत्रिका व्यू- सतर्क रहे, सावधान रहें
चुनाव, त्योहरों पर सोशल डिस्टेंसिंग व कोरोना गाइडलाइन की पालना नहीं करने का नतीजा है कि शुक्रवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 हजार के पार चली गई। ऐसे में अब आगामी वेडिंग सीजन में सरकार व प्रशासन की गाइडलाइन की पालना कर सतर्क रहे, सुरक्षित रहें।