
जोधपुर।
जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय संविधान पार्क बनाएगा, तांकि आम नागरिक को संविधान की जानकारी हो सके । कृषि विवि का प्रशासनिक भवन तैयार होते ही उपलब्ध जगह के अनुसार संविधान पार्क बनाया जाएगा। जहां संविधान के मूल अधिकार व कर्तव्यों की जानकारी दी जाएगी। प्रदेश के राज्यपाल कलराज मिश्र ने 24 जून 2020 को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चर्चा के दौरान कृषि विवि सहित प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों को संविधान पार्क बनाने की आवश्यकता जताई थी।
--
विवि का ढांचा होगा मजबूत, 33 करोड़ के कार्य प्रगति पर
- 12.50 करोड़ में बन रहा प्रशासनिक भवन
कृषि विश्वविद्यालय कृषि शोधों, नवाचारों, अनुसंधानों में देश के अग्रणी विश्वविद्यालयों में अपनी पहचान बना चुका है। शैक्षणिक कार्यो के साथ ही विश्वविद्यालय ढांचागत रूप से मजबूत होने जा रहा है। विश्वविद्यालय में वर्तमान में करीब 30 करोड़ रुपयों के विकास कार्य चल रहे है। विवि करीब 12.50 करोड़ की लागत से प्रशासनिक भवन बन रहा है। जिसका वर्चुअली शिलान्यास राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने गत 10 जून को किया था। करीब 5025 वर्गमीटर क्षेत्रफ ल में प्रशासनिक भवन तैयार हो रहा है, जिसके 2022 तक पूर्ण होने की उम्मीद है। प्रशासनिक भवन में सौर उर्जा व वर्षा जल संग्रहण की सुविधाएं होगी। इसके अलावा इस भवन मे वीसी कार्यालय, कांफ्रेंस हॉल, परीक्षा नियंत्रक कार्यालय, भू-सम्पदा अधिकारी, पीआरओ कार्यालय, कोषालय कार्यालय, निदेशक कार्यालय, सर्वर कक्ष, अधिकारी व सहायक स्टाफ कक्ष, पार्किग व्यवस्था आदि होगी।
------
अत्याधुनिक दो होस्टल, लेब बन रही
कृषि विश्वविद्यालय में करीब 18 करोड़ रुपयों की लागत से गल्र्स-ब्वॉयज अत्याधुनिक होस्टल बन रहे है। इसके अलावा क्लास रूम्स व लेब बन रही है। इसमें अब तक करीब 7 करोड़ रुपयों का काम हो चुका है।
----
किसानों के लिए गेस्ट हाउस
- विश्वविद्यालय में सेमिनार, कांफ्रेंस, सम्मेलनों या अन्य कारणों से बाहर से आने वाले किसानों के लिए गेस्ट हाउस की सुविधा विकसित की जा रही है। इसके लिए विवि परिसर में करीब 2 करोड़ रुपयों में फार्मर गेस्ट हाउस बन रहा है। वहीं विवि परिसर में करीब 1.40 करोड़ की लागत से कुलपति आवास भी बन रहा है।
----
कार्य प्रगति पर
विवि में प्रशासनिक भवन, छात्र-छात्रा होस्टल सहित अन्य कार्य निर्माणाधीन है और सभी कार्य त्वरित गति से हो रहे है। संविधान पार्क प्राथमिकता में है, वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्यो के पूरा होते ही संविधान पार्क निर्माण की योजना बनाकर कार्य शुरू होने की संभावना है।
प्रो बीआर चौधरी, कुलपति
कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर