जोधपुर

दिल्ली में कोहरे के चलते जोधपुर में अभ्यास करेंगे वायु सेना के विमान, रूद्र हेलीकॉप्टर्स भी शामिल होंगे परेड में

गणतंत्र दिवस ( Republic Day 2020 ) पर नई दिल्ली में राजपथ पर होने वाली फ्लाई पास्ट में शामिल होने वाले वायुसेना के फ्रंटलाइन फाइटर विमान सुखोई-30 एमकेआई ( Sukhoi 30 MKI ) जोधपुर के आसमान में उड़ान भरते हुए अभ्यास करेंगे...
2 min read
Jan 03, 2020
sukhoi.jpg

जोधपुर। गणतंत्र दिवस ( Republic Day 2020 ) पर नई दिल्ली में राजपथ पर होने वाली फ्लाई पास्ट में शामिल होने वाले वायुसेना के फ्रंटलाइन फाइटर विमान सुखोई-30 एमकेआई ( Sukhoi 30 MKI ) जोधपुर के आसमान में उड़ान भरते हुए अभ्यास करेंगे। इसके लिए सुखोई विमानों की तीन स्क्वाडर्न इसी सप्ताह जोधपुर एयरबेस ( Jodhpur Air base ) पहुंच जाएगी। सुखोई के अलावा अवाक्स नेत्र और वायुसेना के मालवाहक सी-130 विमान भी जोधपुर आएंगे। दिल्ली व उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में दोपहर तक घना कोहरा छाए रहने के कारण दृश्यता बहुत कम हो जाती है। इसे देखते हुए फ्लाईपास्ट में शामिल विमानों के अभ्यास के लिए जोधपुर को चुना गया है। आने वाले दिनों में उत्तर भारत में और अधिक कोहरा रहता है तो अन्य लड़ाकू विमान भी जोधपुर व जैसलमेर की तरफ प्रेक्टिस के लिए आ सकते हैं।

फ्लाई पास्ट में होंगे कई मैनुवर
फ्लाई पास्ट में वायुसेना के करीब 35 से 38 एयरक्राफ्ट हिस्सा लेते हैं। सुखोई के अलावा एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर रूद्र व एमआई-17 वी-5 हेलीकॉप्टर, लड़ाकू विमान मिग-29, जगुआर, सी-17 ग्लोबमास्टर, एएन-32, सी-130 जे हक्र्यूलिस और अवाक्स से सुसज्जित नेत्र विमान शामिल होते हैं। सुखोई लड़ाकू विमान कई तरह के मैनुवर के जरिए राजपथ पर दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहता है। समारोह का समापन भी जोधपुर के सुखोई से होता है। अंत में सुखोई 10 मिनट तक विभिन्न मैनुवर दिखाता है।

जोधपुर से भी जाएंगे विमान
राजपथ पर होने वाली फ्लाई पास्ट में जोधपुर एयरबेस की सुखोई स्क्वाडर्न के लड़ाकू विमान भी शामिल होंगे। फ्लाई पास्ट शुरू होने से कुछ समय पहले ही यहां के सुखोई जोधपुर से उड़ान भरकर सीधा राजपथ पर आएंगे। जोधपुर एयरबेस स्थित रूद्र हेलीकॉप्टर की यूनिट भी हिस्सा लेंगी, लेकिन रुद्र हेलीकॉप्टर सीधा यहां से जाने की बजाय दिल्ली के पास स्थित एयरबेस से ही उड़ान भरकर राजपथ पर आएंगे।

Updated on:
03 Jan 2020 09:10 am
Published on:
03 Jan 2020 09:08 am