जोधपुर

एयरफोर्स ने दी एनओसी, एयरपोर्ट पर खड़े हो सकेंगे 7 विमान

-जोधपुर एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश अग्रवाल ने कहा, नए टर्मिनल की फाइल दिल्ली भेजी-मंजूरी मिलने के बाद नए टर्मिनल के लिए होंगे टैंडर, 37 एकड़ पर बनेगा एक और टर्मिनल
2 min read
एयरफोर्स ने दी एनओसी, एयरपोर्ट पर खड़े हो सकेंगे 7 विमान
एयरफोर्स ने दी एनओसी, एयरपोर्ट पर खड़े हो सकेंगे 7 विमान

जोधपुर. विंटर शेड्यूल लागू होने के बाद जोधपुर एयरपोर्ट पर सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे के दौरान छह घण्टे में 18 विमान चढ़ व उतर रहे हैं। प्रतिदिन तकरीबन 2200 से 2300 यात्री आ रहे हैं और इतने ही जा रहे हैं। मार्च 2020 के बाद एयरपोर्ट फुल ऑपरेशन में चल रहा है, लेकिन टर्मिनल छोटा पडऩे और विमानों की पार्र्किंग के लिए केवल तीन एप्रेन होने से कई बार एयरपोर्ट पर जाम की स्थिति हो जाती है। बाहर तक गाडिय़ों की कतारें लग जाती है। हालंाकि जोधपुर से पहली बार 9 बड़े शहरों के लिए फ्लाइटें शुरू होने से शहरवासी खुश भी है फिर भी एयरपोर्ट पर और अधिक सुविधा की दरकार है। इसी को लेकर राजस्थान पत्रिका ने जोधपुर एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश अग्रवाल से सीधी बात की।

प्रश्न- एयरपोर्ट पर वर्तमान में 3 एप्रेन ही काम कर रहे हैं, जबकि 4 एप्रेन तैयार हैं, वे कब शुरू होंगे?
उत्तर- हाईमास्ट लाइट नहीं लगने से नए एप्रेन को शुरू नहीं किया गया था। एयरफोर्स ने हमें आज ही एनओसी दी है। हम शीघ्र ही टैंडर निकालकर हाईमास्ट लाइट लगाने का काम शुरू कर देंगे। समर सीजन तक जोधपुर में 3 की जगह 7 विमान पार्र्किंग की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

प्रश्न- एयरपोर्ट को 37 एकड़ जमीन मिल गई है। अब नया टर्मिनल कब बनेगा?
उत्तर- नए टर्मिनल की फाइल दिल्ली स्थित एयरपोर्ट ऑथरिटी ऑफ इंडिया के प्लानिंग डिविजन में भेज दी गई है। वहां से मंजूरी के बाद टैंडर किए जाएंगे और नए टर्मिनल का कार्य शुरू किया जाएगा। टर्मिनल बनने में कुछ समय लगेगा।

प्रश्न- इन दिनों एयरपोर्ट पर काफी भीड़ है। जाम की स्थिति रहती है?
उत्तर- अभी एयरपोर्ट पर 180 से 238 सीटर बड़ी फ्लाइट लैंड व टेक ऑफ हो रही है। प्रतिदिन करीब 4000 से 4500 यात्रियों का मूवमेंट हो रहा है। हमने भी इसी अनुसार सुविधाओं में बढ़ोतरी व व्यवस्थाएं की हैं, ताकि यात्रियों को कोई परेशानी नहीं हो।

प्रश्न- इस साल विंटर शेड्यूल में क्या खास है?
उत्तर- हमने कोलकाता, हैदराबाद, चैन्नई, बेंगलुरू, अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई, बेलगाम व इंदौर जैसे बड़े शहरों के लिए फ्लाइटें शुरू करवा दी हैं। एयरलाइंस से स्लॉट इतनी आसानी से नहीं मिलते हैं। फिर भी हमने अधिकांश बड़े शहरों को जोधपुर से जोड़ दिया है। कोलकाता के लिए तो पहली बार हवाई सेवा शुरू हुई है।

प्रश्न- लोग एयरपोर्ट पर मिल रही सुविधाओं से थोड़े नाखुश हैं?
उत्तर- ऐसा नहीं है। बड़े शहरों से कनेक्टिविटी होने से शहरवासियों की खुशी का ठिकाना नहीं है। वे अब अधिकांश जगहों पर शीघ्रता से यात्रा कर सकते हैं। हमने लोगों से बातचीत की है। वे नई फ्लाइट्स शुरू होने से खुश नजर आ रहे हैं। एयरपोर्ट पर व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। अब दिन में कभी भी जाम की स्थिति नहीं बनती।

Published on:
10 Nov 2021 07:29 pm