नववर्ष मनाने जोधपुर आए समाजवादी नेता अखिलेश यादव बोले, कांग्रेस हमारी दोस्त है और रहेगी।
जोधपुर। समाजवादी पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि कांग्रेस हमारी दोस्त है। हमारी दोस्ती बनी रहेगी, लेकिन २०१९ का लोकसभा चुनाव साथ लड़ेंगे, इस बारे में अभी मैं कुछ नहीं कहूंगा। यह पार्टी तय करेगी कि हमारा साथ किस तरह का होगा। वैसे उत्तर प्रदेश के निकाय चुनावों और गुजरात चुनाव से दिख रहा है कि अब लोगों का भाजपा पर से भरोसा कम हो रहा है। उसके मत घट रहे हैं। २०१९ के लिए सभी विपक्षी दलों को एक जुट करने का काम कांग्रेस का है। हमारा नहीं। नववर्ष मनाने परिवार के साथ लखनऊ से जोधपुर आए अखिलेश ने सोमवार को पत्रिका से बात की। उन्होंने कहा भाजपा असली काम नहीं करती है।
यह पार्टी वही काम करती है, जिसमें राजनीतिक लाभ नजर आ रहा हो। वे कभी भी गरीबी, सड़क, महिलाओं के हक पेंशन जैसे मसलों की बात नहीं करेंगे। भाजपा नकल करने, लोगों को धोखा देने में माहिर है और उत्तर प्रदेश में तो समाजवादी सरकार की योजनाओं की ही नकल की जा रही है। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री जिस तरह से काम कर रहे हैं, ऐसा ही काम करते रहे तो अगले चुनाव में समाजवादी पार्टी पूरे बहुमत से सरकार बनाएगी। पिछले नौ महीने में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार एक भी बड़ा फैसला तक नहीं ले सकी। वे अभी तक हमारी सरकार की बनाई योजनाओं को ही झंडी दिखा कर वाहवाही लूट रहे हैं।
उन्होंने कहा जनता ने भाजपा पर बहुत ज्यादा विश्वास व्यक्त किया। गांव से लेकर संसद तक इनके लोग हैं। अब वे काम नहीं करने का कोई बहाना नहीं बना सकते हैं, इसके बाद भी हाल में हुए उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में भाजपा के मत घटे हैं। लोग अब उनके मंसूबे समझ रहे हैं। हाल में मैट्रो रेल को शुरू किया गया। यह महज उदाहरण है, वे समाजवादी सरकार के कार्यकाल की योजनाओं से ही श्रेय ले रहे हैं। समाजवादी सरकार ने गरीबों की पेंशन शुरू की थी। जिसे योगी सरकार ने बंद कर दिया। स्कूली बच्चों के स्वेटर के अभी तक टेंडर तक नहीं हो पाए हैं। इससे दिख रहा है कि भाजपा को गरीबों की कितनी चिंता है। इसीलिए हमें तीन तलाक पर भाजपा की बैचेनी में उसकी नियत पर संदेह हो रहा है। महिलाओं की मदद की जानी चाहिए। चाहे वे किसी भी जाति धर्म की हो। केवल कानून बना देने से कुछ नहीं होगा।
राममंदिर पर अयोध्या-फैजाबाद में ही नहीं मिले वोट
अखिलेश ने कहा, राममंदिर के मुद्दे पर सरकार ने बहुत शोर किया। सरकारी हेलीकॉप्टर को पुष्पक विमान बनाया गया। कलाकारों को राम- सीता बना कर लाया गया। तमाम तामझाम किए गए। इसके बाद भी निकाय चुनाव में फैजाबाद और अयोध्या में भाजपा को वोट नहीं मिले। हमने वहां से एक किन्नर को चुनाव में उतारा, जिसके खिलाफ प्रचार करने मुख्यमंत्री को पांच बार जाना पड़ा। लोग अब समझ गए हैं कि भाजपा मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ही यह सब कर रही है।