
जोधपुर. मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रही। जालोर शहर, चितलवाना और जैसलमेर के रामगढ़, सम व फतेहगढ़ को छोडकऱ समूचा मारवाड़ शाम तक सूखा रहा। जोधपुर, बाड़मेर, पाली, सिरोही व नागौर में कहीं बरसात नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है जिससे मध्यप्रदेश, छतीसगढ़ के साथ राजस्थान में भी शनिवार से बरसात शुरू होगी। जोधपुर सहित मारवाड़ के हिस्सों में भी शनिवार से मौसम पलटी खाना शुरू कर देगा। इसके बाद अगले दो तीन दिन तक बरसाती मौसम रहेगा।
फलोदी सर्वाधिक गर्म
सूर्यनगरी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही बादलों की आवक जारी थी लेकिन बादलों की सांद्रता कम होने से आठ बजे धूप निकल आई। दिन भर सूरज व बादलों की आंख मिचौनी चलती रही। दोपहर में तापमान 32 डिग्री रहा। नमी अधिक होने के कारण हल्की उमस बनी रही। जोधपुर के लोगों को अब भी एक तेज बरसात का इंतजार है। जिले का फलोदी 37.6 डिग्री के साथ प्रदेश का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। वहां भीषण तपिश रही।