जोधपुर

चालक से मारपीट कर एम्बुलेंस लूटी, लोकेशन से लावारिस मिली

- कार में रखे 24 हजार रुपए व अन्य सामान भी लूटे, तोड़-फोड़ कर छोड़ी
less than 1 minute read
Sep 28, 2021
चालक से मारपीट कर एम्बुलेंस लूटी, लोकेशन से लावारिस मिली
चालक से मारपीट कर एम्बुलेंस लूटी, लोकेशन से लावारिस मिली

जोधपुर.
डांगियावास थानान्तर्गत जालेली फांटा के पास एसयूवी में सवार तीन-चार लुटेरों ने चालक पर हमला कर निजी एम्बुलेंस लूट ली। जीपीएस लोकेशन से एम्बुलेंस फिटकासनी गांव के पास लावारिस हालत में मिली, लेकिन कार में तोड़-फोड़ और 24 हजार रुपए गायब थे।

पुलिस के अनुसार पाली में इन्द्रा कॉलोनी निवासी रमेश पुत्र भंवरलाल पंवार जोधपुर में मथुरादास माथुर अस्पताल के बाहर कार एम्बुलेंस लगाता है। गत 22 सितम्बर को वह किसी मरीज को छोडऩे के लिए बिहार गया था, जहां से वो अकेला ही लौट रहा था। जयपुर रोड पर जालेली फांटा के पास पहुंचा तो कुछ बदमाशों ने एसयूवी से एम्बुलेंस का पीछा किया। फिर एम्बुलेंस को टक्कर मारी। तीन-चार बदमाशों ने एम्बुलेंस रोकी और चालक रमेश को नीचे उतारा। उसके साथ मारपीट कर एम्बुलेंस कार लूटकर ले गए। चालक का मोबाइल एम्बुलेंस में ही रह गया था। ऐसे में वह किसी तरह थाने पहुंचा और वारदात से अवगत कराया। एम्बुलेंस में जीपीएस सिस्टम लगा था। जिसके आधार पर पुलिस ने तलाश शुरू की और नाकाबंदी कराई। तब लुटेरे फिटकासनी के पास एम्बुलेंस लावारिस छोड़कर भाग गए।
पुलिस व चालक रमेश एम्बुलेंस के पास पहुंचे तो वह अंदर से क्षतिग्रस्त हो रखी थी। लुटेरों ने उसमें तोड़-फोड़ कर रखी थी। किराए से प्राप्त 24 हजार रुपए गायब थे। सामान बिखरा पड़ा था। पर्स भी खाली मिला।

चालक की तरफ से पुलिस ने लूट का मामला दर्ज किया। थानाधिकारी कन्हैयालाल का कहना है कि लुटेरों के कुछ सुराग मिले हैं। तलाश की जा रही है।

Published on:
28 Sept 2021 12:37 am