जोधपुर

आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण के साथ काम करने से डरते हैं अमिताभ बच्चन

-युवा कलाकारों की तारीफ में अमिताभ बच्चन ने खुद किया खुलासा
2 min read
Aug 31, 2018
Amitabh Bachchan afraid of Deepika Padukone and Alia Bhatt
Amitabh Bachchan afraid of Deepika Padukone and Alia Bhatt

के. आर. मुण्डियार
मुम्बई/जोधपुर.
भारतीय सिनेमा को एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्में देने वाले सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के अभिनय का मुकाबला करने की हिम्मत किसी सितारे में नहीं हैं, लेकिन अमिताभ बच्चन खुद ही नई जनरेशन की कुछ हीरोइन के साथ काम करने डरने लगे हैं।
यह खुलासा महानायक बच्चन ने खुद किया है। मुम्बई में कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी)-10 के सेट पर मीडिया से बात करते समय महानायक बच्चन बोले, अब तो इण्डस्ट्री में एक से बढ़कर ऐसे युवा कलाकार आ गए हैं कि उनके साथ काम करने से ही डर लगता है।
महानायक बच्चन ने नए कलाकारों की तारीफ में कहा कि फिल्म इण्डस्ट्री में आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण, अनुष्का शर्मा जबरदस्त अभिनय करती हैं, उनकी काम करने की स्पीड व मेहनत का कोई मुकाबला नहीं, उनके अंदाज को देखकर तो लगता है कि वो हमें खा ही जाएंगे।

अमिताभ ने यह बात भारतीय सिनेमा में नवोदित महिला कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव के सवाल के जवाब में कही। उन्होंने यंग को-स्टार अभिनेता रणबीर कपूर, वरूण धवन, सुशांत, राजकुमार के काम की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि हमें तो अपनी कला को फिल्म लाइन में खड़ा करने में वर्षों लग गए और आज के कलाकारों को देखो, पहले से ही तैयारी कर आते हैं और क्या से क्या कर लेते हैं। गौरतलब है कि पीकू फिल्म में अमिताभ बच्चन व दीपिका पादुकोण साथ काम कर चुके हैं और ब्रह्मास्त्र फिल्म में अमिताभ बच्चन, आलिया भट्ट व रणबीर कपूर साथ काम कर रहे हैं।


अन्य सवालों पर यह बोले बच्चन-
सवाल- केबीसी में आपके बाद होस्ट में किस अभिनेता को अपने जैसा मानते हैं, सलमान भी केबीसी होस्ट के इच्छुक थे क्या ?
जवाब- कोई आएं तो सही, हम तो अभी मुक्त हो जाएंगे, सलमान आना चाहते हैं तो मैं उनको आमंत्रित करता हूं।


सवाल- केबीसी में आप यदि प्रतिभागी के रूप में बैठें हो तो सामने किस अभिनेता को होस्ट के रूप में देखना पसंद करेंगे।
जवाब- हमारी नौकरी खतरे में हैं, ऐसा मत कीजिए, हमारा नॉलिज ज्यादा नहीं हैं, हम दो तीन सवाल में ही हार जाएंगे। (ठहाके लगाते हुए बोले)


सवाल- आपने सरकार के साथ मिलकर राष्ट्र हित व चैरिटी में कई काम किए, और भी ऐसा कोई काम शेष रह गया है जो आप करना चाहते हैं?
जवाब- सरकार के पोलियो मुक्त भारत, टीबी नियंत्रण व हेपेटाइटिस बी टीकाकरण आदि सोशल चेंज कार्यक्रम में काम करने के बाद अब कर्ज से दबे किसानों की ऋण पूर्ति में मदद का काम शुरू किया। साथ ही देश की रक्षा करते शहीद हुए परिवारों की मदद की इच्छा है। सरकार से शहीदों की सूची मांगी है।


सवाल- केबीसी को होस्ट करते-करते क्या आपको रात को भी सपने में भी केबीसी सेट दिखाई देता हैं।
जवाब- मैंने कभी कोई सपना नहीं देखा हैं, हमारा तो यही सपना है कि यहां जो प्रतिभागी सपने लेकर आते हैं, उनके सपने पूरे हों और अधिक से अधिक राशि जीत कर जाएं।


सवाल-फिल्म अभिनय व शो होस्ट के अंतर को किस रूप में देखते हैं।
जवाब- फिल्मों में स्क्रीप्ट आदि की बहुत रूकावट हैं, लेकिन इतनी रूकावट केबीसी शो में नहीं हैं। जो मन में आता है, बोल देते हैं। प्रतिभागी के आए जवाब से जितना कुछ निकलता है, उसी के जवाब में मन से ही बोलता हूं।

Published on:
31 Aug 2018 03:16 pm