
फलोदी (जोधपुर). किसी समय में शहर की प्यास बुझाने वाला राणीसर तालाब खुद इन दिनों पानी अभाव में प्यासा नजर आने लगा है। इस तालाब का पानी सूख चुका है तथा एक गड्डे में जो पानी शेष बचा है वह कीचड़ के माफिक गंदा हो चुका है एवं इसके आस-पास भारी मात्रा में जलीय पौधे लग चुके हैं। अब पत्रिका के अमृतं जलम् अभियान के तहत इस तालाब की सूरत सुधारने की तैयारी की जा रही है।
शहर के राइकाबाग स्थित राणीसर तालाब जो बस्ती के काफी नजदीक होने एवं यहां तक आवागमन सुगम होने से पुराने समय में सर्वाधिक उपयोगी रहा है। शहर की अधिकांश आबादी इसी तालाब का पानी ले जाकर अपने हलक तर करती थी, लेकिन इन दिनों यह तालाब पूरी तरह से सूखा पड़ा है तथा एक गड्डे में कुछ पानी शेष बचा है जो अब गंदा हो गया है और इस पानी के आस-पास जलीय पौधे नजर आने लगे हैं।
गौरतलब है कि, राणीसर तालाब के रख-रखाव की तरफ समुचित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे बरसाती पानी की आवक के अधिकांश रास्ते अवरुद्ध पड़े हैं और बरसात की सीजन में पानी की आवक भी काफी कम मात्रा में होती है। इससे बरसात के महज चार-छह माह बाद ही तालाब का पानी सूख जाता है।