जोधपुर

जोधपुर में फिर महाविस्फोट: 450 नए कोरोना संक्रमित और 5 की मौत

वायरल सूची में सच्चाई नहीं, क्योंकि दो-तीन दिन पुराने नाम जोड़कर बताई गईं,जोधपुर में अब तक 15634 मरीज संक्रमित और 223 की मौत,3189 मरीज ले रहे वर्तमान में कोरोना उपचार
2 min read
Sep 10, 2020
Feature image

जोधपुर. जोधपुर में कोरोना का आंकड़ा अब फोर सेंचुरी लगा रहा है। ये दूसरा मौका है, जब जोधपुर में कोरोना ने एक साथ 4 सौ से ज्यादा लोगों को संक्रमित किया। इससे पहले गत रविवार को 4 सौ से ज्यादा संक्रमित मिले थे। वहीं अब बुधवार को जोधपुर में कोरोना 450 नए संक्रमित रोगी सामने आए, ये आंकड़ा अब तक का सर्वाधिक है। इसी दिन 5 मरीजों की मौत हो गई।

कमला नेहरू नगर निवासी मोहम्मद युसूफ ( 62), कुड़ी भगतासनी निवासी चंचल ( 60), जोधपुर निवासी बंशीलाल ( 40),चौपासनी हाउसिंग बोर्ड निवासी विशम्भर दयाल (62 ) और महावीर नगर निवासी अब्दुल अंसारी ( 65) की कोरोना से मौत हुई हैं। अंसारी की मरणोपरांत रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जोधपुर में अब तक 15634 मरीज संक्रमित और 223 की मौत हो चुकी है।

वायरल सूची में दो-तीन दिन के सम्मिलित नाम जोड़ दिए

शहर में बुधवार शाम एक डीएमआरसी के नाम से सूची वायरल हुई। इस सूची में 563 कोरोना संक्रमित एक दिन में केवल डीएमआरसी से आना बताए गए। हालांकि पत्रिका ने मामले की पड़ताल की तो पता लगा कि सूची में गत दो-तीन दिन पुराने संक्रमितों को एक साथ जोड़ फर्जी रूप से वायरल कर दिया गया।

176 मरीज हुए डिस्चार्ज
जोधपुर में बुधवार को 176 मरीज डिस्चार्ज हुए। इनमें ज्यादातर मरीज होम आइसोलेशन से डिस्चार्ज हुए। जोधपुर में वर्तमान में कुल 3189 मरीज कोरोना उपचार ले रहे है। इनमें भी ज्यादातर रोगी होम आइसोलेशन में है।

स्टेट रिपोर्ट में डिस्चार्ज के अलावा कुछ सही नहीं

स्टेट रिपोर्ट में बुधवार को जोधपुर में 220 संक्रमित बताए गए, जबकि आए 450 हैं। वहीं 1 मौत बताई, लेकिन मौतें पांच हुई हैं। हालांकि डिस्चार्ज 176 का आंकड़ा बराबर दिया गया है। एक्टिव केस 1676 दिए गए हैं, जो गलत है।

कोरोना मीटर

अस्पताल- एमडीएम, एम्स जोधपुर, एमजीएच, बोरानाडा कोविड सेंटर

कुल पॉजिटिव भर्ती-3189

पॉजिटिव से नेगेटिव-12223

डिस्चार्ज-12222

कुल मौतें-223

Published on:
10 Sept 2020 12:34 am