जोधपुर

खुशखबरी- राजस्थान के इस शहर को मिल सकती है एक और रिंग रोड की सौगात

Ring Road in Jodhpur: जोधपुर में रिफाइनरी, पाली-जोधपुर औद्योगिक क्षेत्र को आपस में जोड़ने के लिए वर्तमान सीमा से 10-15 किमी आगे होगी नई रिंग रोड, वर्तमान रिंग रोड के आगे तक बस चुकी है आबादी
2 min read
• •
Updated: 14 Jan 2025, 8:55 AM IST
Ring Road in Jodhpur

Ring Road: राजस्थान के जोधपुर शहर में यातायात का दबाव कम करने, रिफाइनरी व औद्योगिक क्षेत्रों की पेराफेरी बनाने के लिए शहर को एक और रिंग रोड की सौगात मिल सकती है। यह रिंग रोड वर्तमान रिंग रोड की सीमा से करीब 10 से 15 किलोमीटर आगे की ओर हो सकती है।

अभी इसकी सीमा तय नहीं हुई है, लेकिन हाल ही में मुख्यमंत्री के दौरे पर इसकी चर्चा हुई है। हालांकि इसको किस प्रकार से धरातल पर उतारा जाएगा, इस पर पूरा काम होना बाकी है। वर्तमान रिंग रोड डांगियावास से शुरू होकर शताब्दी सर्कल, डाली बाई सर्कल, डीपीएस सर्कल व केरू, करवड़ तक है।

इसे जब प्रस्तावित किया गया था तब जोधपुर शहर के बाहर क्षेत्रों से ही यातायात को निकालने का प्रस्ताव था, लेकिन अब रिंग रोड के दूसरी ओर भी आबादी हो चुकी है। ऐसे में यातायात डायवर्ट करने के लिए नई रिंग रोड की जरूरत महसूस होने लगी है।

ऐसे जुड़ सकते हैं दो प्रमुख औद्योगिक हब

रिफाइनरी शुरू होने के बाद बालोतरा को जोधपुर व रोहट-कांकाणी औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ने की मंशा भी इसके पीछे है। क्योंकि लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट के साथ ही प्रमुख औद्योगिक हब को जोड़ने के लिए यह रिंग रोड महत्वपूर्ण हो सकती है।

मोगड़ा-कांकाणी, बोरानाडा के आगे तक जा सकती है सीमा

वर्तमान रिंग रोड की सीमा काफी हद तक शहर में आ चुकी है। अब इसे मोगड़ा या कांकाणी से गुजारने पर मंथन हो सकता है। शहरी केन्द्र से यह करीब 20 से 30 किमी दूर है। दूसरी ओर बोरानाडा के आगे से इसको गुजारा जा सकता है। क्योंकि नया ट्रांसपोर्ट हब भी मोगड़ा के समीप ही विकसित होगा।

यह वीडियो भी देखें

एक नजर में वर्तमान रिंग रोड

  • * 75 किमी है वर्तमान रिंग रोड की लम्बाई
  • * 07 साल में पूरा हुआ है इसका काम
  • * 15 साल पहले की गई थी इसकी परिकल्पना
  • * 03-05 किमी रिंग रोड से आगे तक बस चुका है जोधपुर
  • * 10 किमी वर्तमान रिंग रोड से आगे बन सकती है नई रिंग रोड
Updated on:
14 Jan 2025, 8:55 AM IST
Published on: