जोधपुर

आखिर पकड़ा गया विधायक की कार के कांच तोडऩे का आरोपी

बालेसर (जोधपुर). आगोलाई में सोमवार को शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ की स्कॉर्पियो कार के कांच तोडऩे के मामले में पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपी गिरफ्तार किया है। इसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
2 min read
Oct 04, 2018
Arrested MLA's car broke into glass
आखिर पकड़ा गया विधायक की कार के कांच तोडऩे का आरोपी

बालेसर (जोधपुर). आगोलाई में सोमवार को शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ की स्कॉर्पियो कार के कांच तोडऩे के मामले में पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपी गिरफ्तार किया है। इसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह के अनुसार बालेसर थाने में शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ की कार के कांच तोडऩे का प्रकरण दर्ज करवाया गया था। जिस संबंध में पुलिस ने छानबीन कर कांच तोडऩे के मुख्य आरोपी सुराणी निवासी तिलाराम उर्फ तिलोकाराम पुत्र रूपाराम को दस्तयाब किया। जिसने प्रारंभिक पूछताछ में कांच तोडऩा कबूल किया है।

आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। ज्ञात रहे शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ सोमवार को आगोलाई जलदाय विभाग पर पेयजल समस्याओं से त्रस्त प्रदर्शन कर रहे लोगों की समझाईश के लिए आगोलाई गए थे। उन्होंने अपनी कार राष्ट्रीय राजमार्ग 125 पर छोड़ी थी। वे अंदर लोगों से समझाइश कर रहे थे तभी पीछे कार के कांच तोड़ दिए गए। वहीं विधायक के चालक ने बालेसर थाने में मामला दर्ज करवाया था। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

इधर, शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ के चालक द्वारा दर्ज करवाए गए मुकदमे को लेकर गुरुवार को जाट समाज के लोगों ने बालेसर तहसीलदार और ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग रखी। ज्ञापन में बताया कि शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ की गाड़ी के कांच तोडऩे के मामले में विधायक के इशारे पर उनके चालक समुद्र सिंह द्वारा ६ लोगों के खिलाफ मारपीट, पैसे छीनना व गाड़ी में तोडफ़ोड़ का मामला बालेसर थाने में दर्ज करवाया गया। परंतु वाकया कुछ और ही निकला।

विधायक की गाड़ी के कांच तोडऩे का घटनाक्रम सामने की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सीसीटीवी फुटेज में एक अकेला बाइक सवार शेरगढ़ विधायक की गाड़ी के कांच तोडक़र रफूचक्कर हो जाता है। उक्त घटना में शेरगढ़ विधायक का चालक गाड़ी के नजदीक ही नहीं था।

वहीं चालक ने विधायक के इशारे पर 6 बेगुनाह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। जाट समाज के लोगों ने ज्ञापन में निष्पक्ष जांच करने व झूठा मुकदमा खारिज करने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि ६ लोगों को न्याय नहीं मिला तो 36 कौम व जाट समाज द्वारा शेरगढ़ विधायक का क्षेत्र भर में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया जाएगा।

Published on:
04 Oct 2018 11:53 pm