Ashok Gehlot : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहाकि हर तरफ़ अफरातफरी मची है। जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां अव्यवस्था फैली हुई है। हालात बहुत गंभीर हैं। एक के बाद एक घोटाले सामने आ रहे हैं, जिनमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम भी आया है, और उनके पास इसका कोई जवाब नहीं है। राजस्थान के लोग भी नाखुश हैं। स्थिति बहुत खराब है।
राजस्थान में कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने कहाकि स्थिति बहुत खराब है। मुख्यमंत्री को हालात समझने चाहिए और उन्हें ठीक करने की कोशिश करनी चाहिए। स्थिति उनके हाथों से निकलती जा रही है।
कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने जोधपुर में पत्रकारों के प्रश्नो का जवाब देते हुए कहाकि देखिए राजनीति में झूठे आरोप नहीं लगाए जाते हैं। अगर आपके पास तथ्य है, तो उस पर बात करो। किरोड़ी लाल मीणा जब सरकार में नहीं थे, तब भी वो लगातार आरोप लगाते थे। लगातार आंदोलन करते रहना उनकी प्रकृति है। बीते 15-20 साल से आप लोग भी देख रहे होंगे। वो, एक अलग किस्म के प्राणी हैं।
किरोड़ी लाल मीणा पर बोलते हुए अशोक गहलोत ने कहाकि वो पहले भी आरोप लगाते थे अब भी लगा रहे हैं। यह अनावश्यक है। पार्टी के अध्यक्ष की एक अलग प्रतिष्ठा होती है। उस पर बिना तथ्यों के आरोप लगा रहे हैं। तो बताइए कि पार्टी में क्या रिएक्शन होगा? डोटासरा भी आश्चर्य चकित हैं कि भाई बिना तथ्यों के ये क्या आरोप लगा रहा है? किरोड़ी लाल मीणा को खुद को सोचना चाहिए, उनकी काम करने की किस प्रकार की अप्रोच है। छापे डाल रहे हैं। छापे में उनके साथ जो लोग होते हैं वो वसूली करते हैं। ये तो प्रूव हो गया है। अब जब प्रूव हो गया है तो कहते हैं कि एसीबी भी दबाव में काम कर रही है।
अशोक गहलोत ने आगे कहाकि जब से डीजी साहब आए हैं एसीबी दबाव में है। वो पूरी तरह सीएमओ और सीएम के दबाव में है। डीजी के नीचे काम करने वाले अधिकारी भी उनकी नहीं सुनाते हैं। मेरे पास जो वहां से रिपोर्ट आती है उसके अनुसार वहां जो काम करने वाला अधिकारी हैं वो परेशान हैं। एसीबी की स्थिति बहुत खराब है। दबाव में काम हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री को ऑबलाइज करने के लिए फैसले हो रहे हैं। आईओ कहता है कि ये मुल्जिम नहीं है। तो ऊपर से आए दबाव के बाद डीजी साहब कहते हैं कि नहीं इनको अरेस्ट करो। ऐसा मैंने आज तक कभी देखा नहीं। तीन-तीन बार हम भी मुख्यमंत्री रहे हैं। एसीबी में किसी को भी कोई पंचायत नहीं करनी चाहिए। यहां पंचायतें नहीं हो रही हैं। महेश जोशी इसके उदाहरण हैं।
अशोक गहलोत ने कहाकि क्या मुख्यमंत्री को दिखता नहीं है कि ये क्या हो रहा है? उनका खुद का दबाव आता है। शायद आरएसएस वालों का आता होगा। आरएसएस के दबाव होने के बाद में मुख्यमंत्री हथियार डाल देते हैं। राज, आरएसएस कर रहा है। मुझे लगता है कि राजस्थान के अंदर आजकल जो लोग राज कर रहें हैं वो सिर्फ मुखौटे हैं। राज आरएसएस वाले कर रहे हैं। ट्रांसफर, पोस्टिंग, करप्शन सब वहीं से डायरेक्शन आते हैं। राजस्थान के हालात बड़े गंभीर हैं। राजस्थान की जनता जागरूक है। मुख्यमंत्री बदल देंगे तब भी कुछ नहीं होने वाला है। अगली बार सरकार बदल के रहेगी।