
बालेसर (जोधपुर)
थाना क्षेत्र के में बीती रात्रि को घर जाते समय एक व्यापारी के आंखों में मिर्ची का पाउडर डालकर लूट के प्रयास के मामले में आक्रोशित व्यापारियों ने 2 घंटे प्रतिष्ठान बंद रखकर प्रदर्शन किया। वहीं इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
थानाधिकारी दीपसिंह भाटी ने बताया कि बालेसर सत्ता निवासी दौलतराज जैन ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि 28 अक्टूबर को रात्रि 10 बजे वह दुकान बंद करके घर जा रहा था। तभी रास्ते में भोमसिंह पुत्र जब्बरसिंह व 4 -5 अन्य मिलकर उनका रास्ता रोक कर उनकी आंखों में मिर्ची का पाउडर डालकर हाथ में पकड़ा हुआ बैग छीनने का प्रयास किया। उनके चिल्लाने पर उनका भाई महेंद्र व अन्य लोग आए तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए । रात्रि को घायल दौलतराज जैन को बालेसर अस्पताल लेकर गए जहां प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तथा एक आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है ।
बाजार बंद रहे
कस्बे में बीती रात्रि को एक व्यापारी के साथ आंखों में मिर्ची डालकर लूट का प्रयास करने के मामले में व्यापारियों में रोष फैल गया। अगले दिन गुरुवार को सभी व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर बालेसर बस स्टैंड एवं पुलिस थाना के सामने प्रदर्शन कर रोष प्रकट किया। व्यापारियों ने बालेसर में बढ़ती हुई अपराधिक घटनाओं के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। थानाधिकारी दीपसिंह भाटी ने आक्रोशित व्यापारियों से समझाइश कर आरोपियों के खिलाफ शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई करने का आश्वासन पर अपने प्रतिष्ठान खोलें।