जोधपुर

ATTENTION ! सेहत न बिगाड़ दे गन्दे पानी की सब्जियां

- मुनाफे के लिए लोगों के स्वास्थ्य के साथ किया जा रहा खिलवाड़ - शहर के आसपास धड़ल्ले से उगाई जा रही गन्दे पानी की सब्जियां
2 min read
Dec 22, 2022
ATTENTION !  सेहत न बिगाड़ दे गन्दे पानी की सब्जियां
ATTENTION ! सेहत न बिगाड़ दे गन्दे पानी की सब्जियां

जोधपुर।

सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाने वाली सब्जियां कहीं आपकी सेहत न बिगाड़ दे, इसलिए सब्जियां देखभाल व परख कर ही खरीदे। शहर के आसपास कई जगहों पर गन्दे नाले के पानी से सब्जियां उगाई जा रही है। जिन पर प्रशासन की ओर से लगाम लगाने की कोई व्यवस्था नहीं है। शहर में इन दिनों में जगह-जगह सब्जियों की दुकानें-ठेले दिख जाएंगे, इनमें ऐसे लोग शामिल है, जो गन्दे नालों में उत्पादित की गई सब्जियां लाकर बेच रहे है।

---------

नालों में चोरी-छिपे पम्प लगाकर उगा रहे फसलें

गन्दे नाले के पानी से तैयार सब्जियां खाने से स्वास्थ्य पर पडऩे वाले विपरीत असर को जानकर भी पैसा कमाने के स्वार्थ में खेत मालिक लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने से नहीं चूक रहे हैं। इन खेतों में पम्प लगाकर गन्दे पानी से सिंचाई की जाती है।

------

यहां उगाई जा रही सब्जियां

गन्दे पानी से सब्जी उगाने वाले लोग कानून की कार्रवाई से बचने के लिए खेतों में पानी को बहाने वाले पम्प को झाडि़यों में छिपाकर रखते हैं। जिससे पास से निकलने वाले को पता भी नहीं चले। ज्यादातर रात के समय पम्प चलाकर खेतों में गंदे पानी को बहाया जाता है। इनमें खारड़ा रणधीर, विनायकिया, सालावास, आरटीओ से आगे बनाड समानांतर रोड, नांदडी, उचियारड़ा, झालामंड, गांव व आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। जहां खेतों में गन्दे पानी से सब्जियां व फसल उगाई जाती है।

--------------

सुबह होते ही आ जाती है मंडियों में बिकने

गन्दे पानी से तैयार इन सब्जियों को अलसुबह ही शहर की सब्जी मंडियों में ले जाकर होलसेल भाव में बेच दिया जाता है। इनमें प्रमुख रूप से गन्दे पानी से उगाई गई फूलगोभी, पत्तागोभी, टमाटर आदि सब्जियां शामिल है। यह क्रम प्रतिदिन चलता आ रहा है। बाजार में बिकने वाली यह सब्जियां सेहत के लिए हानिकारक होने के साथ ही कई बीमारियों का शिकार भी इंसान को बना सकती है।

--------

बीमारियां होने की आशंका

गन्दे पानी से तैयार सब्जियां स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होती है। गन्दे नाले के पानी में केमिकल होता है। केमिकल शरीर में जमा हो जाता है, ऐसी सब्जियाें को नियमित या लम्बे समय तक खाने से कैंसर जैसी बीमारी हो जाती है। वहीं, सीवरेज आदि के पानी से तैयार सब्जियों से हड्डियों के रोग के अलावा डायरिया, हेपेटाइटिस, टाइफाइड, पेट की बीमारियों की आशंका रहती है।

डॉ रमेश चन्द्र सीरवी,सहायक आचार्य

मेडिसिन विभाग, डॉ एसएन मेडिकल कॉलेज

Updated on:
22 Dec 2022 10:09 pm
Published on:
22 Dec 2022 10:09 pm