
जोधपुर. सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई मौकों पर आह्वान कर चुके हैं। वहीं कई सामाजिक संगठन भी जागरुकता अभियान चला रहे हैं। ऐसे में प्लास्टिक के यूज से होने वाले नुकसान व सिंगल यूज प्लास्टिक यूज नहीं करने को लेकर शहर की डॉ. शिवानी मण्डा ने अलग ही तरीके से लोगों को जागरुक करने का प्रयास किया है। आमतौर पर जिन प्लास्टिक के सामान को हम कूड़ा समझकर फेंक देते हैं उन्हीं सामान से डॉ. शिवानी ने 101 आकर्षक पेंटिंग्स बनाई है। जिन्हें इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड के लिए भी नामित किया गया। खासबात यह है कि पेंटिंग्स बनाने में खर्च महज 101 रुपए ही आया है। हाल ही में एमबीबीएस से पासआउट शिवानी वर्तमान में डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में इंटरनशिप कर रही हैं।
कैंडी रैपर से लेकर मेडिसिन कवर का किया उपयोग
शिवानी ने मिल्क पाउच, प्लास्टिक बॉटल के ढक्कन, डिस्पोजल स्पून, कैंडी रैपर, कंडीशनर पाउच, क्रीम ट्यूब्स, स्ट्रा आदि से एक से बढकऱ एक आकर्षक पेंटिंग्स बनाई हैं। जिसमें राजस्थान की संस्कृति से लेकर वर्तमान समय में सामाजिक बुराइयों को मिटाने व इससे जागरुक करने का संदेश दिया गया है। महिला शिक्षा, कठपूतली, राजस्थान के फोर्ट, प्राकृतिक दृश्यों आदि को भी बताया गया है।
पेंटिंग्स फंड का एनिमल कल्याण के लिए यूज
शिवानी ने बताया कि उन्हें एनिमल्स से बेहद लगाव है। ऐसे में अपनी क्रिएटिविटी को सोशल मीडिया पर पेज के माध्यम से प्रदर्शित किया। जिसकी काफी सराहना मिली। इसके बाद लोगों के पेंटिंग्स, स्कैच बनाने के लिए ऑफर आने लगे। वर्तमान में इनसे मिलने वाले पैसों से पशु-पक्षियों के कल्याण के लिए खर्च रही हूं। शिवानी के अनुसार सिंगल यूज प्लास्टिक पूरे विश्व के लिए बड़ी समस्या बन चुका है। इसको रोकने के लिए हम सबको जागरुक होने की जरूरत है।