मनीष वाधवा भी मणिकर्णिका फिल्म की शूटिंग के लिए जोधपुर पहुंचे।
फोटो क्रेडिट : जितेंद्र परिहार
जोधपुर . फिल्म अभिनेता आयुष्मान खुराना शनिवार दोपहर जोधपुर पहुंचे। जोधपुर एयरपोर्ट पर उनके फैन्स ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जोधपुर आना मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि यहां मैं पहली बार परफॉर्म करने वाला हूं। किशोर कुमार को अपना आइडल मानने वाले खुराना अपनी अपकमिंग मूवी शुभ मंगल सावधान के लिए भी बड़े एक्साइटेड हैं। इसी फिल्म का गाना वे आज शाम के कॉन्सर्ट में परफॉर्म भी करने वाले हैं।
उधर, मनीष वाधवा भी मणिकर्णिका फिल्म की शूटिंग के लिए जोधपुर पहुंचे। उल्लेखनीय है कि मनीष इन दिनों टीवी धारावाहिक परमावतार श्री कृष्ण में कंस का किरदार निभा रहे हैं। इससे पहले वे एनडीटीवी इमेजिन पर प्रसारित हुए टीवी धारावाहिक चाणक्य में अपनी अभिनय प्रतिभा से दर्शकों को सभी को कायल कर चुके हैं। मनीष कई टीवी सीरियल्स और बॉलीवुड फिल्मों सहित कई अंग्रेजी फिल्मों में डबिंग कर चुके हैं।
कंगना शूटिंग से घायल होकर निकली थीं मुंबई
मणिकर्णिका : द क्वीन ऑफ झांसी फिल्म की शूटिंग पिछले कुछ समय से जोधपुर में चल रही है। यहां एक बार फिर कंगना रनौत गत दिनों घायल हो गई थीं। इसके बाद ईलाज के लिए उन्हें वापस मुंबई जाना पड़ा था। जानकारी के अनुसार जोधपुर के मेहरानगढ़ किले में मणिकर्णिका फिल्म की शूटिंग देर रात चल रही थी। इस दौरान फिल्म की लीड एक्टर अभिनेत्री कंगना रनौत चोटिल हो गईं। इससे फिल्म की शूटिंग को रोक दिया गया। सूत्रों के अनुसार मेहरानगढ़ में रात साढ़े तीन बजे चल रही फिल्म की शूटिंग के दौरान कंगना के पैर में मोच आ गई। उन्हें तुरंत गोयल अस्पताल ले जाया गया। हॉस्पिटल संचालक डॉ आनंद गोयल के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद कंगना को डॉ नरेंद्र यादव ने घर भेज दिया था। चिकित्सकों ने अभिनेत्री कंगना को आराम करने की सलाह दे डाली। लेकिन फिल्म के शूटिंग शेड्यूल को जल्द पूरा करने के चलते कंगना अपने पैर का जल्द इलाज करवाना चाहती हैं। उनके पैर पर प्लास्टर चढ़ाया गया। इसके बाद वे तुरंत ही रवाना हो गईं। उल्लेखनीय है कि इस फिल्म की शूटिंग के चलते कंगना पहले भी गंभीर रूप से चाटिल हो गई थीं। इसके लिए उन्हें विदेश जाकर सर्जरी का सहारा लेना पड़ा था।