29 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

क्राइम फाइल : जोधपुर के इस जगह रची गई थी फायरिंग की साजिश, गुर्गे को छुड़ाने पहुंचे सदिग्ध

होमगार्ड व अन्य सुरक्षाकर्मियों को संदेह हुआ तो तीनों को पकड़ लिया गया।

4 min read
Google source verification
jodhpur crime news

jodhpur crime news, jodhpur news, gangster Lawrence Bishnoi, loot in jodhpur, theft in jodhpur, firing in jodhpur

जोधपुर .

चिकित्सक व ट्रैवल्स मालिक पर फायरिंग की साजिश वर्ष लॉरेंस के गुर्गे ने जोधपुर जेल में बंद रहने के दौरान ही रच ली थी। जेल से ही स्थानीय बदमाशों को न सिर्फ साजिश में शामिल किया गया, बल्कि फायरिंग करने वालों को जेल में बंद लॉरेंस के गुर्गे ने मोटरसाइकिल उपलब्ध भी कराई थी। अब तक की जांच में यह खुलासा होने के बाद प्रतापनगर थाना पुलिस ने पंजाब की फरीदकोट जेल से लॉरेंस के उस गुर्गे को गिरफ्तार किया है।


सहायक पुलिस आयुक्त (प्रतापनगर) स्वाति शर्मा के अनुसार गत १७ मार्च की सुबह समन्वय नगर निवासी डॉ. सुनील चांडक के मकान पर फायरिंग के मामले में पंजाब के फाजिल्का जिले में बहावावाला थानान्तर्गत दुतारवाली निवासी सचिन विश्नोई उर्फ संदीप (२३) पुत्र शिवदत्त की भूमिका सामने आई थी। उसे पुलिस पंजाब की फरीदकोट जेल में प्रोडक्शन पर वारंट पर गिरफ्तार कर जोधपुर लेकर आई। उसे कोर्ट में पेश कर पांच दिन का रिमाण्ड लिया गया है।

स्थानीय बदमाशों से रची साजिश


पुलिस का कहना है कि बीकानेर जिले के नोखा में नाकाबंदी तोड़कर भागने व पुलिस पर हमले के आरोप में सचिन को गिरफ्तार किया गया था। उसे वर्ष २०१६ में बीकानेर जेल से जोधपुर जेल रैफर किया गया था। इस दौरान वह स्थानीय बदमाशों के सम्पर्क में आया था। उन्होंने ही शहर के नामचीन लोगों के नाम बताए थे। फिर उन्हीं की मदद से उसने रंगदारी वसूलने की साजिश रची थी। फायरिंग करने के लिए लॉरेंस गैंग को सचिन ने मोटरसाइकिल उपलब्ध करवाई थी।

मेडिकल जांच के दौरान हरियाणा के तीन संदिग्ध छात्र पकड़े

रंगदारी के लिए सरदारपुरा सी रोड पर मोबाइल व्यवसायी को गोली मारने के आरोपी को मेडिकल जांच के लिए मथुरादास माथुर अस्पताल लाने के दौरान हरियाणा के तीन छात्रों को संदेह के आधार पर पकड़ लिया गया। सुरक्षाकर्मियों को अंदेशा है कि आरोपी को छुड़ाने के लिए तीनों अस्पताल आए होंगे। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।


पुलिस के अनुसार मोबाइल व्यवसायी वासुदेव इसरानी को १७ सितम्बर को गोली मार दी गई थी। गोली मारने के आरोप में लोहावट थानान्तर्गत भीमसागर निवासी भोमाराम विश्नोई को गिरफ्तार कर जेल भेजया गया था। तबीयत खराब होने पर उसे मेडिकल जांच के लिए शुक्रवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच एमडीएम अस्पताल लाया गया। इस दौरान वहां हरियाणा के तीन छात्र भी मौजूद थे। होमगार्ड व अन्य सुरक्षाकर्मियों को संदेह हुआ तो तीनों को पकड़ लिया गया। बाद में उन्हें शास्त्रीनगर थाना पुलिस के हवाले किया गया। जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी चौखां के पास निजी कॉलेज में पढ़ते हैं। रात तक इनकी तस्दीक की जा रही थी। फिलहाल पुलिस को एेसे कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं।

क्षेत्राधिकार को लेकर किन्नर में भिड़े, मारपीट

चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थानान्तर्गत शंकर नगर में नेग लेने के दौरान क्षेत्राधिकार को लेकर उपजे विवाद में शुक्रवार को किन्नरों के दो पक्ष भिड़ गए। एक पक्ष ने दूसरे से मारपीट की और कुछ सामान भी उलट-पुलट दिया। पुलिस के अनुसार किन्नर सरोज मासी के साथ कुछ किन्नर दोपहर में नेग लेने के लिए शंकर नगर में पेट्रोल पंप के सामने निजी अस्पताल के पीछे स्थित मकान पहुंचे थे, जहां दूसरे पक्ष से भी कुछ किन्नर आ पहुंचे। क्षेत्राधिकार को लेकर किन्नर के दोनों पक्ष आपस में उलझ गए। विवाद बढऩे पर कुछ किन्नरों ने सरोज मासी व साथी किन्नरों से मारपीट कर डाली। साथ ही वहां सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया। काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग किया जा सका।

एक पक्ष से किन्नर थाने पहुंची और दूसरे पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कराया। शादी समारोह में एक लाख व मोबाइल चोरीशहर में शादी समारोह के सीजन के चलते मेहमानों के बीच शामिल होकर कीमत सामान चुराने वाली एक गैंग सक्रिय है। एेसी ही एक वारदात भदवासिया में अस्सी फुट रोड स्थित मैरिज गार्डन में हुई, जहां से एक लाख रुपए व मोबाइल का बैग चोरी हो गया। महामंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। वहीं, एक अन्य मैरिज गार्डन में चोरी के संदेह में एक बालक को लोगों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।

उप निरीक्षक खेताराम के अनुसार परिहारनगर के पास पाश्र्वनाथनगर निवासी महेंद्रकुमार जोशी के रिश्तेदार की शादी ८० फुट रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में थी, जहां मेहमानों के बीच कुछ संदिग्ध महिलाएं व बच्चे भी शामिल हुए और नजर बचा कर बैग चुरा लिया, जिसमें एक लाख रुपए व मोबाइल रखा था। कुछ देर बाद चोरी के बारे में पता लगा, लेकिन तब तक चोर गायब हो चुके थे। उधर, महामंदिर थाना क्षेत्र में एक मैरिज गार्डन में चल रही शादी के दौरान जेबें तर्राशने के संदेह में एक बालक को लोगों ने पकड़ लिया। उसके साथ कुछ महिलाएं भी थीं, जो भाग निकलीं। इन सभी के भीलवाड़ा का होने का अनुमान है।

रंग करने के बहाने घर में घुसे, दो मोबाइल चुराए

राई का बाग कॉलोनी के मकान में कलर करने के बहाने घुसे दो युवक शुक्रवार को दो कीमती मोबाइल चुरा कर चलते बने। मकान मालिक की शिकायत पर उदयमंदिर थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया है। मकान के बाहर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस युवकों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार कॉलोनी निवासी सुहैल अहमद काजी सुबह बाथरूम में थे। मकान खुला हुआ था। तभी दो अनजान युवक मकान में आए। कुछ देर बाद बाहर निकलने पर मकान मालिक ने उनसे वहां आने का कारण पूछा। तब उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने उन्हें मकान में रंगरोगन करने के लिए भेजा है। इस पर मकान मालिक ने रंगरोगन के लिए किसी से भी संपर्क न करने के बारे में जानकारी दी। तब दोनों युवक यह कहते हुए वहां से चले गए कि वो शायद गलत मकान में आ गए। उनके जाने के बाद सुहैल ने मकान संभाला तो चौक में रखे दो मोबाइल नहीं मिले। संभवत: दोनों अनजान युवक मोबाइल ले गए। आसपास के क्षेत्र में तलाश करने के बाद उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज कराया। थानाधिकारी मदनलाल बेनीवाल ने बताया कि एक अन्य मकान पर लगे कैमरे के फुटेज खंगालने पर मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों के चेहरे नजर आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस तलाश कर रही है।