
जोधपुर .विजय चौक में किसान छात्रावास के सामने स्थित मकान में घुस कर व्हीलचेयर पर बैठे बाबू पहलवान की हत्या की जांच कर रही सदर कोतवाली थाना पुलिस को नई जानकारी मिली है। मृतक की पत्नी के करीबी को मिली सजा की अपील के केस में पुत्री ने पिता को बयान बदलने के बारे में चेताते हुए 'आंख' दिखाई थी। पुलिस का मानना है कि बड़े भाई के नाम वसीयत होने के कारण पिता से मनमुटाव हो सकता है।
थानाधिकारी इंद्रसिंह ने बताया कि विजय चौक निवासी बाबूलाल वैष्णव उर्फ बाबू पहलवान हत्याकाण्ड की जांच चल रही है। हत्यारों व हत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। जांच में सामने आया है कि बाबू को उसकी पत्नी सुशीला ने छोड़ दिया था, फिर वह राजू करनानी के साथ रह रही थी। बाबू ने राजू करनानी के खिलाफ आईपीसी की धारा ४९७ के तहत मामला दर्ज कराया था। निचली अदालत ने राजू को सजा सुनाई थी। सजा के खिलाफ उसने हाईकोर्ट में अपील की थी। हाईकोर्ट में केस के दौरान चार-पांच माह पहले पुत्री ने बाबू को चेताया था कि वह पूर्व में दिए गए बयान बदल देगी। बाबू ने यह जानकारी अपने अधिवक्ता को दी थी।
बाबू पहलवान ने वसीयत में प्रॉपर्टी बड़े पुत्र के नाम की है। वसीयत में दूसरों का नाम नहीं है। पुलिस को संदेह है कि सम्पत्ति व पत्नी के करीबी को लेकर चल रहे केस और विवाद का भी एक कारण हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
कॉल डिटेल में छोटे पुत्र व पुत्री में लगातार बातचीत
पुलिस का कहना है कि बाबू की पुत्री मुम्बई में रहती है। वह गत १६ नवम्बर को जोधपुर आई थी। तब से वह जोधपुर में ही है। मृतक व उसके परिवार से जुड़ी कॉल डिटेल शुक्रवार को पुलिस को मिल गई, जिसमें हत्या से पहले व बाद में दिल्ली निवासी छोटे पुत्र व पुत्री में लगातार बातचीत होने के बारे में पता लगा है। पुलिस ने छोटे पुत्र व घर में आने-जाने वालों से पूछताछ की है।