
सूचना केंद्र में शनिवार को राज्य की गहलोत सरकार के चार साल की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में जाखड़ ने कहा कि हरीश चौधरी को अशोक गहलोत ने अंगुली पकड़कर आगे बढ़ाया, उन्हें इस तरह के बयान शोभा नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि चौधरी को क्या नहीं दिया, उन्हें लोकसभा में भेजा...राजस्थान में मंत्री बनाया और पंजाब का प्रभारी बनवाया। उन्होंने कहा कि चौधरी को लोकसभा चुनाव लड़वाया था, तब वे गहलोत की प्रशंसा करते नहीं थकते थे कि गहलोत का कोई मुकाबला नहीं है।
गहलोत गरीबों के मददगार
पूर्व सांसद जाखड़ ने कहा कि किसी तीसरी पार्टी को मदद करना गहलोत के खून में नहीं है। उन्होंने कहा कि गहलोत केवल कांग्रेस, कांग्रेस के लोगों और गरीबों की मदद करते हैं।
-------------------------
चौधरी ने कहा था
हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की ओर इशारा करते हुए हरीश चौधरी ने कहा था- 'वे बड़ी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कह रहे हैं कि वो हमारे माननीय, सम्माननीय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी की प्रायोजित पार्टी है, पार्टी है, पार्टी है। चाहे किसी भी देवता के मंदिर में जाकर लेखाजोखा करवा सकते हो।'
-------------------------
मदेरणा ने कहा था- गहलोत तीन माह भी नहीं चला पाएंगे सरकार
पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ ने मदेरणा परिवार पर भी निशाना साधा।उन्होंने 1998 के विधानसभा चुनाव को याद करते हुए कहा कि तब मैं परसराम मदेरणाजी के पास था। मैंने उनसे कहा था कि कमरे में बैठकर मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे... आप मॉनिटरिंग करो। तब उन्होंने कहा था कि गहलोत तीन माह से ज्यादा सरकार नहीं चला पाएंगे। उन्होंने कहा कि महीपाल मदेरणा ने भी कहा कि जाट उनके पीछे है। अब विधायक दिव्या मदरेणा भी यही कह रही है। उन्होंने कहा कि जाट किसी के पीछे नहीं, कांग्रेस के साथ है।