
भोपालगढ़ (जोधपुर). दशा माता के पर्व पर गुरुवार को कस्बे के आदर्श कॉलोनी इलाको में की जा रही बड़-पीपल की सामूहिक पूजा-अर्चना व कथाश्रवण के दौरान पीपल पर लगा मधुमक्खियों का छत्ता अचानक टूटकर महिलाओं व बच्चों पर गिर गया। इससे पूजा करने वाली महिलाओं व उनके साथ आए बच्चों में एकबारगी अफरा-तफरी सी मच गई और इस बीच करीब 40-50 महिलाओं व बच्चों को मधुमक्खियों ने काटकर घायल कर दिया। उन्हें बाद में भोपालगढ़ के राजकीय अस्पताल ले जाया गया और वहां इनका उपचार किया गया।
हुआ यूं कि दशा माता पर भोपालगढ़ कस्बे के जोधपुर रोड स्थित आदर्श कॉलोनी में स्थानीय महिलाओं की ओर से सामूहिक बड़-पीपल पूजन का कार्यक्रम था। इसके लिए लेकर दोपहर दो बजे यहां करीब 100 से अधिक महिलाएं व बच्चे एकत्रित होकर सामूहिक पूजा-अर्चना एवं दशा माता की कथा का श्रवण कर रहे थे।
जिस पीपल के नीचे बैठकर ये महिलाएं पूजा-अर्चना व कथाश्रवण कर रही थी, उसी पेड़ की एक डाली पर मधुमक्खियों का एक बड़ा सा छत्ता लगा हुआ था। पूजा-अर्चना के दौरान गीत-गायन से हुए शोर-शराबे व धूप-बत्ती से निकले धुंए आदि के कारण अचानक मधुमक्खियों का बड़ा सा छत्ता टूटकर वहां पूजा कर रही महिलाओं व बच्चों पर ही गिर पड़ा।
मधुमक्खियों के डंक से बचने के लिए सभी लोग भागने लगे। इस से एकबारगी तो वहां पर काफी अफरा-तफरी से मच गई और बचाव के लिए काफी दौड़-भाग करने के बावजूद इनमें से करीब 40-50 महिलाओं एवं बच्चों को मधुमक्खियों ने डंक मारकर घायल कर दिया।
अधिकारी व ग्रामीण भी पहुंचे अस्पताल
इस बीच घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय राजकीय अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर स्थानीय आदर्श कॉलोनी इलाके सहित कस्बे के दूसरे लोगों की बड़ी भीड़ जुट गई और हर कोई मधुमक्खियों के काटने के शिकार लोगों की मदद करने में जुट गए। तो वहीं इस बारे में जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय उप जिला कलक्टर सुखाराम पिण्डेल, नायब तहसीलदार हरेंद्र मूंड व थाना प्रभारी राजेन्द्र खदाव भी राजकीय अस्पताल पहुंचे और घायल महिलाओं व बच्चों से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ ही इनका उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. हनुमान चौधरी एवं उनके मेडिकल स्टाफ को भी इन सभी के उचित इलाज एवं उपचार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। देर रात तक सभी लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।