
जोधपुर. सूर्यनगरी में रविवार को लगातार तीसरे दिन पारा सात डिग्री से नीचे रहने से रात व अलसुबह कड़ाके की सर्दी रही। हालांकि दिन का तापमान मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में तीस डिग्री के पास पहुंच गया है। बाड़मेर में 30.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उधर पर्वतीय स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान -2 डिग्री रहा। वहां शीतलहर का प्रकोप था। दिन में वहां भी तापमान 21 डिग्री तक पहुंच जाने से भीषण जाड़े से राहत रही। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। ऐसे में सर्दी का असर कम हो जाएगा। पूरे सप्ताह तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा। सप्ताहांत में तेज हवा का सामना करना पड़ सकता है।
सूर्यनगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री रहा। भोर में तेज सर्दी के कारण लोगों को अधिक जाप्ता करना पड़ा। मौसम साफ होने से नीले आसमां में चटख धूप खिली और पारा तेजी से चढऩे लगा। सुबह की गुनगुनी धूप दोपहर तक चुभने लग गई। दोपहर में तापमान 28.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शाम ढलने के बाद ठंड फिर से अपनी आगोश में लेने लगी। फलोदी में रात का तापमान 10.4 व दिन का 29.4 डिग्री रहा। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 10.5 व अधिकतम 28.9 डिग्री रहा। वहीं बाड़मेर में रात को 8.5 डिग्री की सर्दी महसूस की गई।