जोधपुर

इतना खूंखार है भंवरीदेवी हत्याकांड का मुख्य आरोपी, 68 FIR दर्ज, अब दोनों पांव टूटे

जिला विशेष टीम के हेड कांस्टेबल चिमनाराम व कांस्टेबल राकेश को उसके दयाकोर व पीलवा गांव के आस-पास सुनसान जगह छुपे होने का पता लगा था
2 min read
• •
Updated: 20 Aug 2023, 11:55 AM IST
vishnaram_jangu.jpg

जोधपुर/लोहावट। बहुचर्चित भंवरीदेवी प्रकरण में मुख्य आरोपी और दो साल से फरार एक लाख रुपए के हार्डकोर विशनाराम जांगू को जोधपुर ग्रामीण व फलोदी पुलिस ने शनिवार रात दयाकोर क्षेत्र में पकड़ लिया। पुलिस की घेराबंदी के चलते उसने एसयूवी से उतरकर भागने का प्रयास किया, लेकिन तारबंदी व पत्थर के खूंटों में उलझकर गिरने से दोनों पांव में फ्रैक्चर हो गए। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) धर्मेन्द्रसिंह यादव ने बताया कि लोहावट थानान्तर्गत जालोड़ा गांव निवासी विशनाराम पुत्र मोहनराम जांगू हार्डकोर व हिस्ट्रीशीटर है। भंवरीदेवी प्रकरण में जमानत पर छूटने के बाद से वह दो साल से फरार था। उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। जिला विशेष टीम के हेड कांस्टेबल चिमनाराम व कांस्टेबल राकेश को उसके दयाकोर व पीलवा गांव के आस-पास सुनसान जगह छुपे होने का पता लगा।

पुलिस अधीक्षक फलोदी विनीत कुमार बंसल की मॉनिटरिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फलोदी सौरभ तिवाड़ी के नेतृत्व में डीएसटी ग्रामीण के प्रभारी एसआइ लाखाराम, लोहावट थाना प्रभारी बद्रीप्रसाद, एएसआइ अमानाराम, श्रवण कुमार, चिमनाराम, प्रदीप कुमार, कमाण्डो मोहन व वीरेन्द्र ने रात को दयाकोर में तलाश शुरू की। विशनाराम के एसयूवी में सवार होने का पता लगा। रेतीले क्षेत्र में पुलिस ने एसयूवी का पीछा किया। आरोपी ने पुलिस के वाहन को टक्कर मारी। जवाब में पुलिस ने भी उसकी एसयूवी को टक्कर मारी और घेर लिया। तब वह एसयूवी से उतरकर पैदल ही भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो वह अंधेरे में खेत की तारबंदी में उलझकर पत्थर के खूंटों से टकरा गया। उसके दोनों पांव में चोट आई। पुलिस ने उसे दबोच लिया और कड़ी सुरक्षा में लोहावट के सरकारी अस्पताल लेकर आई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर किया गया। उपचार के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा। विशनाराम के साथ बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी निवासी गोपीराम बिश्नोई को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने उससे हथियार मिलने से इनकार किया है।


भंवरी की हत्या का आरोपी, 68 एफआइआर दर्ज
फलोदी एसपी विनीत बंसल ने बताया कि जालोड़ा निवासी विशनाराम जांगू पर अब तक 68 एफआइआर दर्ज है। उसे पकड़ने के दौरान राजकार्य में बाधा डालने व जानलेवा हमला करने का एक और मामला दर्ज किया गया है। गत 10 अगस्त को एडीजी दिनेश एमन ने उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। वह बहुचर्चित भंवरेदेवी प्रकरण का आरोपी है और जमानत पर छूटा हुआ है।

Published on: