जोधपुर

बाइक सवार तीन युवकों ने हॉकी से नौ वाहनों के कांच फोड़े

- महामंदिर के तिलक नगर-1 व 2 के बीच एक ही गली में वारदात- मोहल्लेवासियों के जागने पर हॉकी छोड़ भागे युवक
less than 1 minute read
Bike rider three youths blast glasses of nine vehicles from hockey
बाइक सवार तीन युवकों ने हॉकी से नौ वाहनों के कांच फोड़े

जोधपुर. पुलिस की रात्रिकालीन गश्त पर सवालिया निशान लगाते हुए मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने गुरुवार तडक़े महामंदिर में तिलक नगर प्रथम व द्वितीय के बीच गली में खड़े नौ चार पहिया वाहनों के कांच फोड़ डाले। धमाकों की आवाज सुनकर मोहल्लवासी उठकर बाहर आए तो हमलावर हॉकी वहीं छोडक़र भाग निकले। युवकों का पता नहीं चल पाया है।

पुलिस के अनुसार तिलक नगर प्रथम व द्वितीय के बीच गली से गुरुवार तडक़े तीन व चार बजे के बीच मोटरसाइकिल सवार तीन युवक निकले, इनके हाथ में हॉकी थी। युवकों ने मकानों के बाहर खड़े नौ वाहनों के कांच फोड़ दिए। इनमें कारों के साथ ही बोलेरो कैम्पर भी शामिल है। तोड़-फोड़ की आवाज सुनकर सो रहे मोहल्लवासियों की नींद खुल गई। सभी हड़बड़ाकर बाहर निकले। तब बाइक सवार तीनों युवक वहां से भाग निकले। हड़बड़ाहट में हमलावरों के हाथ से एक हॉकी गिर गई।
मोहल्लेवासियों की शिकायत पर गश्त कर रहे अधिकारी मौके पर आए। मोटरसाइकिल सवार तीनों युवकों की तलाश में जिले में नाकाबंदी कराई गई, लेकिन युवकों का सुराग नहीं लग पाया।

थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह का कहना है कि मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है। वाहन मालिकों के साथ ही अन्य मोहल्लेवासियों से परिवाद लेकर जांच की जा रही है।

मोहल्लेवासियों में रोष-

वारदात के बाद मोहल्लेवासियों में तोड़-फोड़ को लेकर रोष है। एक व्यक्ति की दोनों कारों में तोड़-फोड़ की गई है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि कुछ युवक आए दिन तोड़-फोड़ व उत्पात और हंगामा करते हैं। शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

Published on:
31 Jan 2019 09:28 pm