
जोधपुर. जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के अंतिम चरण के मतदान बुधवार को है। लेकिन उससे पहले ही भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी कर दी। जिला परिषद सदस्यों को प्रशिक्षण के नाम पर एक साथ रखा गया है। एक निजी रिसोर्ट में परिवार भ्रमण के नाम पर रखा गया है जहां कालबेलिया नृत्य व अन्य मनोरंजन भी किया जा रहा है। बुधवार को अंतिम चरण के मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों को यहां शिफ्ट किया जाएगा। जो कि 6 सितम्बर को जिला प्रमुख चुनाव तक रहेंगे। इसी प्रकार पंचायत समितिवार प्रत्याशी भी अलग-अलग स्थानों पर ले जाए गए हैं। कांग्रेस भी चुनाव प्रक्रिया के बाद अपने प्रत्याशियों को बाड़ाबंदी में ले जा सकती है। भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन चंद्रशेखर, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, चुनाव प्रभारी वासुदेव देवनानी, प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम चौधरी, प्रसन्न मेहता, जिला अध्यक्ष शहर देवेंद्र जोशी, देहात जगराम विश्नोई, मनोहर पालीवाल ने रणनीति बनाई और सभी को जिले के बाहर अज्ञात रिसोर्ट में ले जाया गया है। शहर जिलाध्यक्ष देवेंद्र जोशी, जिला महामंत्री महेन्द्र मेघवाल, धनराज सोलंकी को इस परिवार भ्रमण की जिम्मेदारी दी गई है।