
जोधपुर. भारतीय जनता पार्टी जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष जगत नारायण जोशी के नेतृत्व में नगर निगम आयुक्त से भाजपा के शिष्टमण्डल ने मुलाकात की। नए वार्ड सीमांकन के लिए जारी मानचित्र में कई गड़बडिय़ों का आरोप लगाया। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित वार्ड का चिह्निकरण नहीं किया गया। भाजपा ने लगातार 10 दिन तक आपतियां व दावे लिए। लोगों ने कई आपत्तियां सौंपी। इसमें सामने आया कि तीनों विधानसभाओं में अधिकारियों ने अनिमितताएं बरती व राज्य सरकार के आदेशों को दरकिनार किया। भाजपा ने उन अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। सदस्यता अभियान के जिला संयोजक राजेन्द्र बोराणा ने कहा कि पुराने वार्ड नम्बर 32, 33, 34 व 38 जिस तरह से विभक्त किया गया है उसमें नियमों की पूरी तरह से धज्जियां उड़ाई गई हैं। साथ ही 100 की बजाय 102 वार्ड दर्शाना गंभीर लापरवाही है। इस मौके पर पूर्व विधायक कैलाश भंसाली, महामंत्री पवन आसोपा, शिवकुमार सोनी, धनराज मकवाना, नरेश सुराणा, भंवरलाल दईया, अमरलाल वर्गी, जिलामहामंत्री लक्ष्मीचंद धारीवाल, जिला कोषाध्यक्ष सुरेश मुथा, लीलावती भाटी, मधुसूदन मेघवाल, मनीष मुथा मौजूद रहे।