
फलोदी (जोधपुर). आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों, घायलों व प्रसूताओं को रक्त उपलब्ध करवाने वाले फलोदी के राजकीय चिकित्सालय का ब्लड बैंक इन दिनों रक्त की कमी की समस्या से जूझ रहा है।
दरअसल गत माह तक ब्लड बैंक में हुए रक्तदान शिविरों के बाद संग्रहित किया गया रक्त मरीजों को उपलब्ध करवा दिया गया, लेकिन इस माह एक भी रक्तदान शिविर आयोजित नहीं होने से ब्लड बैंक में रक्त की कमी आ गई है और अब यहां रक्त लेने आने वाले मरीजों के परिजनों को रिप्लेसमेंट में डोनर की आवश्यकता पडऩे लगी है। साथ ही कई रक्त समूह का स्टॉक शून्य हो गया है। ब्लड बैंक प्रशासन द्वारा रक्तदाताओं को रक्तदान कर रक्त संग्रहण में सहयोग की अपील की गई है।
यूं समझे ब्लड के आंकड़े
राजकीय चिकित्सालय ब्लड बैंक में प्रतिमाह करीब 110 यूनिट रक्त की खपत होती है। ऐसे में यहां मरीजों को रक्त उपलब्ध करवाने के बाद भी रक्त संग्रहण आवश्यक रहता है। अक्टूबर माह में 112 यूनिट रक्त की खपत हुई, जबकि नवम्बर में अब करीब 82 यूनिट रक्त की खपत हो चुकी है।
वर्तमान में ये हैं रक्त संग्रहण
ब्लड बैंक में इन दिनों मात्र 7 यूनिट ही रक्त उपलब्ध है। जिसमें कई रक्त समूह का स्टॉक शून्य पर आ गया है। ऐसे में अब यहां आने वाले लोगों को रक्त उपलब्ध करवाने में काफी परेशानी आ रही है और डोनर की आवश्यकता भी पड़ रही है।
रक्तदान शिविर कल
सेवा भारती समिति के अध्यक्ष प्रकाश वैद व उपाध्यक्ष विजय पालीवाल ने बताया कि शुक्रवार को राजकीय चिकित्सालय ब्लड बैंक में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने शिविर में अधिकतम रक्तदान की अपील की है।
इनका कहना है
चिकित्सालय में सीजेरियन प्रसव की संख्या में हुई वृद्धि से मासिक खपत में करीब 30-40 यूनिट रक्त की खपत बढ़ गई है। जिससे ब्लड बैंक का स्टॉक बहुत कम हो गया है। आमजन ब्लड बैंक में रक्त संग्रहण में सहयोग करें।
डॉ. सुनीता सोनी, प्रभारी, ब्लड बैंक, राजकीय चिकित्सालय, फलोदी