
जोधपुर.
खेड़ापा थानान्तर्गत बावड़ी-कास्टी रोड पर मंगलवार को दूध के ड्रम से भरी बोलेरो कैम्पर की चपेट से बाइक सवार दम्पती की मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार डांगियावास थानान्तर्गत खेड़ी सालवा निवासी हड़मानराम (५६) पुत्र भारमलराम बिश्नोई अपनी पत्नी गोगी देवी (५४) के साथ सुबह बावड़ी जाने के लिए मोटरसाइकिल पर रवाना हुआ। उन्हें ससुराल व मंदिर में दर्शन के लिए जाना था। बावड़ी से कास्टी रोड पहुंचने पर सामने से तेज रफ्तार व लापरवाही से आई दूध के ड्रम से भरी बोलेरो कैम्पर ने मोटरसाइकिल चपेट में ले ली। पति व पत्नी नीचे गिर गए और बोलेरो ने उन्हें कुचल दिया। सिर में गंभीर चोट की वजह से खून बहने लगा। दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
आस-पास के लोगों और पुलिस सूचना पर वहां पहुंचे परिजन को बिना पोस्टमार्टम शव सौंपे गए। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त किए और बोलेरो चालक बांवरला निवासी श्यामसुंदर बिश्नोई को गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर छोड़ दिया।