जोधपुर

Jodhpur: प्रेमी संग साइकिल पर बैठकर भागी दुल्हन, पति ने दर्ज करवाया केस; सामने आया CCTV फुटेज

शादी के चार महीने बाद ही दुल्हन अपने प्रेमी के साथ साइकिल पर बैठकर फरार हो गई। इस मामले में पीड़ित पति ने जोधपुर के बनाड़ पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है।
2 min read
• •
Updated: 14 Jun 2026, 2:22 PM IST
lover Bride run bicycle
प्रेमी संग साइकिल पर बैठकर भागी दुल्हन। AI जनरेटेड तस्वीर

राजस्थान में लुटेरी दूल्हनों द्वारा लाखों रुपए के गहने और नकदी लेकर भागने के मामले अक्सर सामने आते रहते है। लेकिन, जोधपुर में एक दुल्हन के भागने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के चार महीने बाद ही दुल्हन अपने प्रेमी के साथ साइकिल पर बैठकर फरार हो गई। इस मामले में पीड़ित पति ने जोधपुर के बनाड़ पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना सारण नगर सी रोड की बताई जा रही है।

बनाड थाने में दर्ज शिकायत में 30 वर्षीय अमराराम सेन पुत्र नारायणराम नाई ने बताया कि वह जोधपुर ग्रामीण के पाचला खुर्द गांव का रहने वाला है और वर्तमान में जोराराम सारण का गोदाम गली सारण नगर सी रोड बनाड जोधपुर पूर्व में रहता है। उसका ससुराल झारखंड में दुबका जिले के करहराटाड हरिहरपुर गांव में है। उसकी पत्नी गुजंनसिंह 13 जून को सुबह 5.20 बजे बिना बताए घर से निकल गई और लौटकर अभी तक वापस नहीं आई है।

डेढ़ लाख रुपए देकर लाया था दुल्हन

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह एक दलाल के मार्फत झारखंड से डेढ़ लाख रुपए देकर दुल्हन लाया था। उसकी पत्नी करीब चार महीने से घर पर रह रही थी। शनिवार सुबह जागने पर पत्नी ने उसे चाय पिलाई। इसके बाद वह तैयार होकर काम पर चला गया। पीछे से पत्नी घरेलू सामान लेकर पत्नी अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

सामने आया सीसीटीवी फुटेज

शादी के चार महीने बाद दुल्हन के भागने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें एक युवक साइकिल लेकर सड़क किनारे खड़ा हुआ नजर आ रहा है। कुछ ही देर में एक महिला भागते हुए आती है और युवक की साइकिल पर बैठकर भाग जाती है। पीड़ित पति की मानें तो भगाकर ले जाने वाला पत्नी का प्रेमी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जयपुर में शादी के 8 दिन बाद ही भाग गई थी दुल्हन

इससे पहले जयपुर में लुटेरी दुल्हन के भागने का मामला सामने आया था। इसी साल जनवरी में शादी के आठ दिन बाद ही दुल्हन अपने पति को रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गई थी। साथ ही 3.50 लाख रुपए के गहने और नकदी भी चोरी कर ले गई थी। कोर्ट के आदेश के बाद करधनी थाने मामला दर्ज ​हुआ था। पीड़ित का कहना था कि वो यूपी के आगरा से गरीब घर की लड़की से शादी करके अपने साथ लाया था। लेकिन, शादी के आठ दिन बाद ही उसे धोखा देकर भाग गई।

Updated on:
14 Jun 2026, 2:22 PM IST
Published on: