जोधपुर

डिस्कॉम की लापरवाही ने ली दो भैंसों की जान

बेलवा (जोधपुर). क्षेत्र के निंबो का गांव ग्राम पंचायत के राजस्व गांव घुडिय़ाला में रविवार सुबह बेलवा से जियाबेरी जाने वाली विद्युत लाइन का इंसुलेटर टूटने से दो भैंसे काल कवलित हो गई।
less than 1 minute read
Nov 22, 2020
डिस्कॉम की लापरवाही ने ली दो भैंसों की जान
डिस्कॉम की लापरवाही ने ली दो भैंसों की जान

बेलवा (जोधपुर). क्षेत्र के निंबो का गांव ग्राम पंचायत के राजस्व गांव घुडिय़ाला में रविवार सुबह बेलवा से जियाबेरी जाने वाली विद्युत लाइन का इंसुलेटर टूटने से दो भैंसे काल कवलित हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार जियाबेरी जलदाय विभाग सप्लाई के लिए जाने वाली 11 केवी विद्युत लाइन पर लगे इंसुलेटर टूटने से अर्थ तार में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से पशुपालक लखसिंह पुत्र पदमसिंह व जसवंतसिंह पुत्र मोतीसिंह की भैंसों की मौके पर मौत हो गई।


इसके बाद ग्रामीणों में विद्युत निगम के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने विद्युत निगम के लाइनमैन भंवरसिंह को सूचित कर विद्युत सप्लाई बंद करवाई। इसके बाद विद्युत निगम के कनिष्ठ अभियंता ओमप्रकाश मेघवाल व पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार पीडि़त पशुपालकों को भैंस की मौत पर उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा। वहीं भैंस का सोमवार को मेडिकल टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि गत 25 अक्टूबर को घुडिय़ाला में ही विद्युत लाइन से स्पार्किंग से खेतों की बाड़ व लाखों रुपए के घरेलू उपकरण जल गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत लाइनें कई वर्षों से जर्जर है। जिम्मेदार अधिकारियों को बार बार अवगत करवाने के बावजूद कोई कार्यवाही नही की जा रही है। इसका खमियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है।


इनका कहना है

इंसुलेटर पर कोई पक्षी बैठने या जर्जर होने से पंचर हो सकता है। घुडिय़ाला गांव में घटना के बाद में मौका मुआयना किया है। पीडि़त पशुपालकों को मुआवजा दिलवाने के लिए सहायक अभियंता कार्यालय से रिपोर्ट भिजवाई जाएगी। जर्जर विद्युत लाइनों को दुरुस्त करवाया जाएगा।
ओमप्रकाश मेघवाल, कनिष्ठ अभियंता, विद्युत निगम कार्यालय, बालेसर।

Published on:
22 Nov 2020 11:24 pm