जोधपुर

ओवरटेक के प्रयास में बस पलटी, मां-बेटे की मौत

-सात घायलों को एमडीएम अस्पताल में भर्ती करवाया
2 min read
ओवरटेक के प्रयास में बस पलटी, मां-बेटे की मौत
ओवरटेक के प्रयास में बस पलटी, मां-बेटे की मौत

जोधपुर. जोधपुर-केरू रोड पर सूरसागर चौपड़ के पास सोमवार शाम को एक बस ओवरटेक के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला व उसके चार माह के पुत्र की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल सात लोगों को एमडीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

सूरसागर पुलिस के अनुसार जोधपुर से करीब 30 सवारियों को लेकर एक बस बालेसर की तरफ जा रही थी। जहां सूरसागर चौपड़ के पास बस चालक के तेज रफ्तार में ओवरटेक के प्रयास करते समय बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाड़मेर के सडा पांचला निवासी रिंकु कंवर (35) पत्नी शैतान सिंह व उसके चार माह के पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल कैरू निवासी गोविंद (70) पुत्र राजुराम देवासी, अमर सिंह (62) पुत्र दयाराम जाट, कनादेवी (52) पत्नी जेठाराम मेघवाल, सालोड़ी निवासी चुन्नीलाल (70) पुत्र गोमाराम दर्जी, सूरसागर में गण्डेरो की ढाणी निवासी गवरी देवी (60) पत्नी सोनाराम मेघवाल, बाड़मेर में सडा पांचाल निवासी हेतुसिंह (3) पुत्र शैतानसिंह, देदियापाडा निवासी महिपाल सिंह पुत्र नारायणसिंह राजपूत को एमडीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
भाई के पास बैठने से एक बच्चे की बची जान

बाड़मेर के सडा पांचला निवासी रिंकु कंवर अपने चार माह व तीन वर्षीय दो बच्चों के साथ केरू स्थित पीहर जा रही थी। उसके साथ उसका भाई था। हादसे के दौरान उसका भाई व तीन वर्षीय पुत्र हेतुसिंह दूसरी सीट पर बैठे थे। इससे हादसे के दौरान रिंकु व उसके पास बैठे चार माह के पुत्र की मौत हो गई। लेकिन दूसरी सीट पर बैठे उसके दूसरे पुत्र की जान बच गई।

बस में दाई तरफ बैठने वाले हुए घायल

बस में करीब 30 यात्री सफर रहे थे। हादसे के दौरान बस के पलटने पर बस का दाहिना हिस्सा रोड से घीसटते हुए क्षतिग्रस्त हो गया। इससे बस के दाहिने तरफ की सीट पर बैठने वाले सात यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

Published on:
11 Feb 2020 12:06 am