जोधपुर

बसों में जमकर तोड़-फोड़, एकयात्री का सिर फटा

- 12वीं चौराहे पर अल-सुबह बस ऑपरेटरों में झगड़े से यात्रियों में अफरा-तफरी- युवकों के भागने पर बस चालक ने दूसरी बस को टक्कर मार क्षतिग्रस्त की, चार बसें जब्त
less than 1 minute read
Aug 24, 2021
बसों में जमकर तोड़-फोड़, एकयात्री का सिर फटा
बसों में जमकर तोड़-फोड़, एकयात्री का सिर फटा

जोधपुर.
12वीं रोड चौराहा बस स्टैण्ड पर सोमवार अल-सुबह लाठी-सरियों से लैस होकर आए युवकों ने एक निजी बस के कांच फोड़े। जवाब में दूसरी बस में भी तोड़-फोड़ की गई। लाठी से हमले में एक यात्री का सिर फटने पर सभी युवक भाग गए। देवनगर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की दो-दो बसें जब्त की।

पुलिस के अनुसार बालोतरा रूट व यात्रियों को लेकर जाखड़ ट्रैवल्स व एमआर बस सर्विस के बीच विवाद चल रहा है। सुबह साढ़े पांच बजे जाखड़ ट्रैवल्स की बस सांचौर और छह बजे एमआर की बस बाड़मेर निकलती है। बस न लगाने व यात्रियों को लेकर सुबह छह बजे दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बोलेरो कैम्पर में सवार दो-तीन दर्जन युवक लाठी-सरिए लेकर बस स्टैण्ड आए और एक बस में तोड़-फोड़ शुरू कर दी। सभी कांच फोड़ दिए। हमले में एक यात्री के सिर पर चोट आई। खून निकलने पर सभी युवक भाग गए। बाद में दूसरे पक्ष की बस में भी तोड़-फोड़ कर दी गई। इतना ही नहीं, दूसरे पक्ष की बस को बस से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त भी की गई। थानाधिकारी जयकिशन सोनी ने बताया कि यात्री को लेकर झगड़ा और तोड़-फोड़ की गई। दोनों पक्षों की दो-दो बसें जब्त की गईं हैं। शंकर नगर निवासी प्रशांत पुत्र मोहन जाखड़ ने शीशपाल, सहीराम, रमेश व लादेन उर्फ दिनेश के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
जातरुओं व यात्रियों में खौफ व्याप्त

झगड़े के दौरान बस स्टैण्ड पर अंधेरा था, लेकिन वहां काफी यात्री मौजूद थे। इनमें रामदेवरा जाने वाले जातरू और अन्य यात्री भी थे। गाली-गलौच के साथ ही अचानक झगड़ा और तोड़-फोड़ होती देख यात्रियों में खौफ व्याप्त हो गया। एक यात्री के सिर में चोट लगते ही ऑटो चालक गायब होने लग गए।

Updated on:
24 Aug 2021 02:20 am
Published on:
24 Aug 2021 02:20 am