
जोधपुर।
देश के व्यापारियों व जनता ने खरीद-बिक्री के मामले में चीन को बड़ा झटका दिया है। दीपावली सीजन पर बिक्री से देशभर में करीब 72 हजार करोड़ रुपए का कारोबार हुआ और चीन को सीधे तौर पर करीब 40 हजार करोड़ रुपए का व्यापार घाटा हुआ। यह खुलासा कॉन्फैडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स कैट की ओर से देश के 20 शहरों में सप्लाई चैन के प्रमुख वितरण केन्द्रों पर कराई रिपोर्ट में हुआ है। कैट के अध्यक्ष बीसी भरतिया व महामंत्री प्रवीण खण्ड़ेलवाल के निर्देशन में यह रिपोर्ट तैयार कराई गई है।
पहली बार दिवाली पर बड़ी संख्या में लोकल कारीगरों, मूर्तिकारों, हस्तशिल्प श्रमिकों और विशेष रूप से कुम्हारों के बनाए उत्पादों को एक बड़ा बाजार मिला और उन्होंने अच्छा व्यापार किया ।
--
इन शहरों में हुआ सर्वे
दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बैंग्लुरु, हैदराबाद, कोलकाता, नागपुर, रायपुर, भुवनेश्वर, रांची, भोपाल, लखनऊ, कानपुर, नोएडा, जम्मू, अहमदाबाद, सूरत, कोचीन, जयपुर व चंडीगढ़।
-
इन उत्पादों की हुई जमकर बिक्री
भारत में बने एफ एमसीजी उत्पाद, उपभोक्ता वस्तुएं, खिलौनें, बिजली के उपकरण और सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, रसोई के सामान, उपहार की वस्तुएं, मिठाई-नमकीन, घर का सामान, टेपेस्ट्री, बर्तन, सोना और गहनें, जूतें, घडिय़ां, फ र्नीचर, वस्त्र, फैशन परिधान, कपड़ा, घर की सजावट का सामान, मिट्टी के दीपक सहित दिवाली पूजा का सामान, दीवार की लटकनें, हस्तकला की वस्तुएं आदि अनेक त्यौहारी सीजन वस्तुओं की जमकर बिक्री हुई।
--
दिवाली सीजन के दौरान देशभर के बाजारों में मजबूत बिक्री भविष्य में अच्छी व्यापारिक संभावनाओं को इंगित करती है।
कैट के आह्वान पर देश के व्यापारी दिसंबर 2021 तक चीन से एक लाख करोड़ रुपए के आयात को कम करने के लिए संकल्पित है।
प्रसन्नचंद मेहता, सदस्य
राष्ट्रीय गवर्निंग काउंसिल कैट