जोधपुर

Jodhpur News: 20 रुपए की ड्रिंक, सेहत पर भारी! जोधपुर समेत प्रदेशभर में धड़ल्ले से बिक रहे कैफीन वाले पेय

Energy Drinks: एफएसएसएआई की सख्ती और जांच के बावजूद जोधपुर समेत राजस्थान के बाजारों में कैफीन युक्त एनर्जी ड्रिंक खुलेआम बिक रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने लेकर जांच शुरू की है और कई उत्पाद जब्त किए हैं।
3 min read
Jul 13, 2026
energy drinks
एनर्जी ड्रिंक। प्रतीकात्मक तस्वीर

जोधपुर। कैफीन युक्त एनर्जी ड्रिंक्स होने का दावा करने वाले पेय पदार्थ पर एफएसएसएआई भले ही सख्ती कर रही हो, लेकिन जोधपुर सहित प्रदेशभर के बाजारों में यह धड़ल्ले से बिक रही है। प्रदेशभर में ऐसे एनर्जी ड्रिंक के सैम्पल लिए जा रहे हैं और 5 लाख से ज्यादा स्टॉक जब्त किया गया है, लेकिन महज 20 रुपए से 100 रुपए की कीमत पर यह ड्रिंक धड़ल्ले से बिल रही है। इसे बच्चे, बुजुर्ग हर वर्ग के लोग खरीद रहे हैं और इसके साथ नशे के उत्पाद खतरा कई गुणा बढ़ा रहे हैं।

एफएसएसएआइ की गाइड लाइन पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रदेश में हलचल तेज की। विभाग का कहना है कि एनर्जी ड्रिंक और वाइटलाइज बॉडी के दावे भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं हैं। इसलिए संबंधित उत्पादों के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई होगी, लेकिन दूसरी ओर हर गली-नुककड़ पर यह एनर्जी ड्रिंक धड़ल्ले से बिक रही है। सामान्य कोल्ड ड्रिंक व अन्य पेय उत्पादों की तुलना में युवा इसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं।

इनके लिए नुकसानदायक

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एनर्जी ड्रिंक्स में कैफीन के अलावा शुगर, टॉरिन और अन्य उत्तेजक तत्व होते हैं। इनका अधिक सेवन बच्चों, किशोरों, गर्भवती महिलाओं तथा हृदय रोग, उच्च रक्तचाप या अनिद्रा से पीड़ित लोगों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अधिक मात्रा में सेवन से धड़कन तेज होना, बेचैनी, घबराहट, नींद न आना, रक्तचाप बढ़ना तथा निर्जलीकरण जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसी कारण कई देशों में बच्चों को ऐसे पेयों के सेवन से दूर रखा जाता है। बता दें कि राजस्थान में अभी तक करीब 5 लाख कैन और बोतलों को जब्त कर इन्हें जांच के लिए भेजा है।

अगले कुछ दिन इस पर होगी सख्ती

सीएमएचओ जोधपुर डॉ. एसएस शेखावत ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी जिला अधिकारियों को बाजार में उपलब्ध कैफीन युक्त पेयों की नियमित जांच, लेबलिंग की पड़ताल तथा आवश्यकतानुसार सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि यदि किसी उत्पाद में निर्धारित मानकों का उल्लंघन या भ्रामक प्रचार पाया गया तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

इसलिए बढ़ी चिंता

  • विशेष अभियान : राजस्थान में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को स्पेशल सैंपलिंग के निर्देश।
  • कार्रवाई का आधार : भ्रामक लेबलिंग, एनर्जी जैसे दावे और मानकों की जांच।
  • फिर भी बेलगाम : पिछले कुछ दिनों में इतनी सख्ती होने के बाद भी बिक्री नियमित जारी है।
  • किन्हें ज्यादा खतरा : बच्चे, किशोर, गर्भवती महिलाएं, उच्च रक्तचाप और हृदय रोगी।
  • संभावित दुष्प्रभाव : धड़कन तेज होना, घबराहट, अनिद्रा, रक्तचाप बढ़ना और निर्जलीकरण।

हाल की कार्रवाई

6 जुलाई- कोटा में 13410 कैन और बोतलें जब्त।
7 जुलाई- अलवर में 92200 कैन और बोतलें जब्त।
8 जुलाई- पाली (21800), सवाई माधोपुर (7700), बारां (3000), भीलवाड़ा (4360) और झालावाड़ (360) बोलतें और कैन जब्त।
10 जुलाई - कोटपूतली में 12419, भीलवाड़ा में 2950 और श्रीगंगानगर में 8000 कैन-बोतलें जब्त।

एक्सपर्ट व्यू

नींद की कमी, धड़कन बढ़ना और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याएं काफी देखने को मिलती है। इसका त्वरित रेस्पांस भी आता है और लॉन्ग टर्म असर भी होता है। युवा इसकी चपेट में ज्यादा आ रहे हैं। यही ज्यादा कैफीन वाली वस्तुओं के साथ धूम्रपान या अन्य नशे के उत्पाद लेते हैं तो असर कंपाउंड होता है और नुकसान कई गुणा हो सकता है।

  • डॉ. रोहित माथुर, विभागाध्यक्ष, कार्डियोलॉजी विभाग, डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज जोधपुर

ब्लड प्रेशर बढ़ने से प्लेसेंटा पर इफेक्ट
ऐसे एनर्जी ड्रिंक में कैफीन की मात्रा ज्यादा होने के कारण के कारण गर्भवती महिलाओं में ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है। इसी कारण प्लेसेंटा पर अतिरिक्त दबाव बढ़ता है और भ्रूण में भी विसंगतियां हो सकती है। भ्रूण का अनियंत्रित विकास या प्रीमेच्योर बेबी की आशंका भी बढ़ जाती है।

  • डॉ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव, स्त्री रोग विशेषज्ञ
Updated on:
13 Jul 2026 04:24 pm
Published on:
13 Jul 2026 04:24 pm