
जोधपुर। आगोलाई ग्राम पंचायत की साईयो की ढाणी में सोमवार रात एक खेत में हाइड्रो मशीन से कुछ लोग हरियाणा नंबर के ट्रक में ऊंट भर रहे थे। रात्रि के अंधेरे में खेत में हाइड्रो मशीन और ट्रक को देखकर ग्रामीणों ने तुरन्त पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुची आगोलाई चौकी पुलिस ने ट्रक में भरे 6 ऊंट और खेत में बंधे 8 ऊंट बरामद करते हुए एक आरोपी और हाइड्रो चालक को पकड़ा। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
6 ऊंट लदे ट्रक और हाइड्रो मशीन को पुलिस चौकी लाया गया। वहीं खेत में बंधे 8 ऊंटों के पास पुलिसकर्मी तैनात कर प्रारम्भिक जांच शुरू की गई। ट्रक में भरे ऊंटों की दयनीय हालत थी। ऊंटों के सभी पांव व मुंह बांधकर हाइड्रो मशीन से उठाकर कर ट्रक में डाला गया। वही ऊंट तस्करी के अंदेशे के चलते आगोलाई, दुगर, भाटेलाई, बेलवा सहित आस-पास के क्षेत्र से देवासी समाज के सैकड़ों लोग पुलिस चौकी पर एकत्रित हो गए। उन्होंने खेत मालिक और ऊंट तस्करी में मौके फरार अन्य आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस जाप्ते के साथ पहुंची बालेसर थानाधिकारी आरपीएस सरिता खण्डेलवाल ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि इस प्रकरण में किसी भी दोष को छोड़ा नहीं जाएगा। इसके बाद रात एक बजे बाद ग्रामीण पुलिस चौकी से रवाना हुए।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर जांच-पड़ताल की जा रही है। जल्दी मामले का खुलासा किया जाएगा। मंगलवार सुबह पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाकर सभी ऊंटों का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। थानाधिकारी आरपीएस सारिका खंडेलवाल ने बताया कि प्रकरण में ट्रक और हाइड्रो मशीन जब्त की गई है। मामले में एक आरोपी व ट्रक चालक फरार है, जिन्हें पुलिस तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि ऊंटों को सिरोही भेजा जा रहा है। वहीं ऊंट तस्करी के मामले को देखते हुए मंगलवार सुबह भी बड़ी आगोलाई सहित आस-पास के क्षेत्र से ग्रामीण पुलिस चौकी पहुचे। ग्रामीणों ने थानाधिकारी को ज्ञापन सौप कर मामले की निष्पक्ष जांच कर तस्करी में लिप्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्यवाही करने की मांग की। इसी प्रकरण में ग्रामीण गोरधनराम देवासी ने खेत मालिक नारायणराम साई के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट पुलिस को सौंपी।