जोधपुर

नाकाबंदी तोड़ भागी कार खेत में फंसी, 84 किलो डोडा पोस्त जब्त

- एक युवक गिरफ्तार, चालक फरार
less than 1 minute read
Jan 23, 2020
नाकाबंदी तोड़ भागी कार खेत में फंसी, 84 किलो डोडा पोस्त जब्त
नाकाबंदी तोड़ भागी कार खेत में फंसी, 84 किलो डोडा पोस्त जब्त

जोधपुर.
मथानिया थाना पुलिस की नाकाबंदी तोड़ भाग रही लग्जरी कार किरमसरिया खुर्द गांव के खेत में फंस गई। पीछा कर रही पुलिस ने कार से 84 किलो डोडा पोस्त जब्त कर एक युवक को गिरफ्तार किया। कार चालक खेत में खड़ी फसल के बीच से फरार हो गया।

थानाधिकारी रामलाल सारण के अनुसार पुलिस कन्ट्रोल रूम से संदिग्ध कार के भवाद-जूड गांव की तरफ से उम्मेद नगर आने की मिली जानकारी के आधार पर उम्मेद नगर तिराहे पर नाकाबंदी की। कार आने पर पुलिस ने रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक नाकाबंदी तोड़ ओसियां रोड से भैंसेर चावंडियाली रोड होकर किरमसरिया खुर्द की तरफ भगाने लगा। पुलिस ने कार का पीछा किया तो चालक ने कार कच्चे मार्ग और फिर खेतों में घुसा ली। लेकिन कार एक खेत की तारबंदी में फंस गई। चालक ओमप्रकाश भाग निकला लेकिन पुलिस ने भीकमकौर में केरला नाडा निवासी मादाराम बिश्नोई (२८) पुत्र पप्पाराम माचरा को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार में ५-६ बोरों में भरा ८४ किलो डोडा पोस्त जब्त किया गया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मादाराम को गिरफ्तार किया। चालक ओमप्रकाश की तलाश की जा रही है।

Updated on:
23 Jan 2020 12:14 am
Published on:
23 Jan 2020 12:14 am