जोधपुर

सिटी बस में महिला कांस्टेबल के गले से चेन चोरी, तीन चोरों ने घर में लगाई सेंध

मकान के पीछे खड़ी कार चोरी
less than 1 minute read
Nov 19, 2019
chain snatchers
chain snatchers

जोधपुर. महामंदिर थाना क्षेत्र में सिटी बस में एक महिला कांस्टेबल के गले से किसी ने सोने की चेन चुरा ली। महिला कांस्टेबल को पावटा चौराहे के पास उतरने पर वारदात का पता लगा। महामंदिर थाना पुलिस के अनुसार मूलत: नागौर में लाडनूं थानान्तर्गत बालसमन्द हाल मण्डोर के सरकारी क्वार्टर निवासी महिला कांस्टेबल गत 17 नवम्बर की सुबह निजी कार्य से गोकुजी की प्याऊ से पावटा जाने के लिए सिटी बस में सवार हुई। वह पावटा चौराहे के पास उतरी। तब उसे पता लगा कि कोई व्यक्ति उसके गले में पहनी सोने की दो तोला चेन चुरा ले गया।

वह तुरंत पावटा अस्पताल के पास स्थित सिटी बस स्टैण्ड पर खड़ी सिटी बस में आई और युवक की तलाश की। बस में काफी भीड़ थी, लेकिन कोई चोर नजर नहीं आया। महिला कांस्टेबल को अंदेशा है कि गले से चेन चुराकर चोर अस्पताल के पास उतर गया। बाद में वह महामंदिर थाने पहुंची और चोरी की शिकायत दर्ज कराई।

बाइक पर तीन चोरों ने बालकनी से घर में लगाई सेंध
नागौरी गेट थाना पुलिस ने बताया कि महामंदिर रेलवे स्टेशन के सामने रामबाग स्कीम निवासी चेनाराम पुत्र जगदीश प्रसाद के मकान में गत ८ नवम्बर की मध्यरात्रि तीन चोरों ने बालकनी से सेंध लगाई। उन्होंने अलमारी में रखे सोने का एक हार, सोने के कानों के टॉपस व पन्द्रह सौ रुपए चुरा लिए। सीसीटीवी फुटेज में तीन चोर नजर आए हैं। जो मोटरसाइकिल पर आए और बालकनी से मकान में घुसकर चोरी कर निकल गए।

मकान के पीछे खड़ी कार चोरी
उदयमंदिर थानान्तर्गत केएन कॉलेज के सामने हनवंत विहार कॉलोनी में मकान के पीछे खड़े कार चोरी हो गई। कॉलोनी में रहने वाले जितेन्द्र पुत्र अमरराज भण्डारी ने शाम को घर के पीछे स्थित खाली जगह में कार खड़ी की थी। दूसरे दिन सुबह कार गायब थी।

Published on:
19 Nov 2019 07:21 pm