
जोधपुर.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने रिश्वत लेने पर गिरफ्तार होने वाले तीन कर्मचारियों व एक मध्यस्थ के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किए। चारों चालान चार दिन में पेश किए गए हैं।
ब्यूरो के उप महानिरीक्षक कैलाशचन्द्र बिश्नोई ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार की जीरो टोलरेंस नीति के तहत पकड़ में आने वालों के खिलाफ जल्द से जल्द जांच पूरी कराई जा रही है। साथ ही सरकारी कर्मचारियों के संबंध में अभियोजन स्वीकृति मिलने पर कोर्ट में चालान पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपलासिंह ने बताया कि वर्ष 2018 में पकड़ में आया नगर निगम का सफाई निरीक्षक लक्ष्मीचन्द, वर्ष 2019 में पकड़े जाने वाला बावड़ी उपखण्ड कार्यालय का वरिष्ठ लिपिक छोगाराम, चालू वर्ष में पकड़ा जाने वाला निगम का सफाई प्रभारी सुरेन्द्र बारासा और मथुरादास माथुर अस्पताल में मरीज के परिजन से बतौर मध्यस्थ रिश्वत लेने वाले पप्पुराम उर्फ सुनील के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किए गए हैं। यह चालान गत सोमवार से गुरुवार तक पेश किए गए हैं।