जोधपुर

जोधपुर पहुंचे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, आज धन्यवाद सभा

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
less than 1 minute read
Mar 07, 2019
Chief Minister Ashok Gehlot reached Jodhpur, thanking today
जोधपुर पहुंचे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, आज धन्यवाद सभा

जोधपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार शाम विशेष विमान से जोधपुर पहुंचे। वे शुक्रवार को शहर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को सभा कर धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जान फूंकते नजर आएंगे।

जोधपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री से कांग्रेसजन व सर्किट हाउस में आमजन ने मुलाकात की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भी सभी से धैर्यपूर्वक मिलते नजर आए। मुख्यमंत्री गहलोत ने जोधपुर पहुंचने के बाद रात्रि में कांग्रेस नेताओं के शादी समारोह में भी हिस्सा लिया। उसके बाद उन्होंने सर्किट हाउस में आमजन से भी मुलाकात की और लोगों के ज्ञापन लिए। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सईद अंसारी की अध्यक्षता में कायलाना रोड स्थित होटल लैक व्यू में शुक्रवार दोपहर 3 बजे धन्यवाद सभा होगी। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अजय त्रिवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री की धन्यवाद सभा में शहर, सरदारपुरा और सूरसागर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस के महासचिव लियाकत अली रंगरेज व आनंदसिंह चौहान ने बताया कि कार्यक्रम की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मुख्यमंत्री के स्वागत में नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक मनीषा पंवार, किशना राम, महेंद्र विश्नोई, पूर्व महापौर रामेश्वर दाधीच, डॉ. ओमकुमारी गहलोत, सुनील परिहार, सुनील मोहनोत, जगदीश सांखला, जसवंत सिंह कच्छवाह, शांतिलाल लिंबा, सुरेश व्यास, पवन मेहता, प्रीतम शर्मा, अजय शर्मा, देहात महिला जिलाध्यक्ष संगीता बेनिवाल, कुंती देवड़ा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिश जोशी, अशोक बालोटिया सहित कई कांग्रेसजन मौजूद थे। एयरपोर्ट पर कर्मचारी महासंघ जिलाध्यक्ष शंभूसिंह मेड़तिया, शिक्षक नेता भंवराराम जाखड़, सुभाष विश्नोई व हापूराम चौधरी सहित कई नेताओं ने भेंट की। गहलोत शुक्रवार को भी जोधपुर में ही रुकेंगे। गहलोत ने गुरुवार सुबह रामदेवरा में दर्शन कर पूजा-अर्चना भी की थी।

Published on:
07 Mar 2019 11:13 pm