
जोधपुर. पाल बाइपास स्थित एक निजी होटल में रविवार को डिस्कवरी स्कूल सुपर लीग (डीएसएसएल) सीजन-२ के स्टेट लेवल राउंड का आयोजन किया गया। बाइजूस द लर्निंग एप्लीकेशन की ओर से राजस्थान पत्रिका के सहयोग से आयोजित क्विज राउंड में शहर के ७० स्कूलों के कक्षा ४ से ९ तक के १५० बच्चों ने हिस्सा लिया। सभी बच्चे अगस्त में हुए स्कूल राउंड के विनर्स थे। क्विज में बच्चों से मैथ्स व साइंस के क्वेश्चन पूछे गए। परीक्षा का रिजल्ट जनवरी में जारी किया जाएगा। इस क्रम में अब अगला आयोजन उदयपुर में होगा।
कार्यक्रम संयोजक साहिल रस्तोगी एवं रितेश रोनी ने बताया कि प्रथम राउंड में देशभर के १७ हजार स्कूलों से ६० लाख बच्चों ने हिस्सा लिया। यहां से टॉप २ बच्चों का चयन नेशनल लेवल के लिए किया जाएगा। नेशनल राउंड अगले वर्ष मार्च में होंगे। जिसमें विनर रहने वाली टॉप 3 टीमों को एक सप्ताह के लिए नासा विजिट के लिए भेजा जाएगा एवं १० लाख रुपए के नगद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। कार्यक्रम का प्रसारण डिस्कवरी चैनल पर भी किया जाएगा। पार्टिसिपेट कर रहे स्टूडेंट ने बताया कि इस तरह के आयोजन से उनका बौद्धिक विकास होता है। यहां से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उनका कॉन्फिडेंस लेवल भी बढ़ता है।