घंटाघर प्रांगण में शाम 7 बजे से छाएगी क्रिसमस कैरोल्स की बहार
जोधपुर . प्रभु यीशु के जन्मदिन 'क्रिसमस' आगमन के उपलक्ष्य में यीशु जन्म से जुड़े खुशियों के गीत क्रिसमस कैरोल्स का शनिवार शाम ७ बजे से घंटाघर प्रांगण में आयोजन किया जाएगा। राजस्थान पत्रिका व मसीही समाज जोधपुर की ओर से शहरवासियों के लिए संजोई गई शाम करीब एक घंटे तक संगीतमय भक्ति आराधना कार्यक्रम में क्रिसमस के रंग निखरेंगे। सूर्यनगरी के विभिन्न प्रमुख चर्च से जुड़े मसीही समाज के लोगों की ओर से प्रभु यीशु जन्म पर आधारित भक्ति गीतों के साथ समूह गान, स्किट व नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। विभिन्न चर्च से जुड़े मसीही धर्म गुरुओं की ओर से विश्व शांति व भाईचारे की प्रार्थना की जाएगी। यहां का दृश्य बिल्कुल विहंगम होगा। जहां धार्मिकता का माहौल देखने को मिलेगा। शहर में पहले से ही विभिन्न चर्च आदि में क्रिसमस को लेकर धूम मची हुई है। यहां लोगों में उत्साह देखते ही बन रहा है।
ये चर्च निभाएंगे भागीदारी
कार्यक्रम समन्वयक फादर जोस मथाइस ने बताया कि क्रिसमस कैरोल्स कार्यक्रम में एसएम चर्च, सेंट थेरसास चर्च, सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च, मिशन इंडिया चर्च, सेवन्थ-डे-एडविस्ट चर्च, ब्रदरन एसेम्बली चर्च, क्राइस्ट चर्च, सेंट मदर टेरेसा आश्रम सिस्टर्स, पेंटीकॉस्टल चर्च, फिलेडेल्फिया चर्च व मिशन इंडिया चर्च जुड़े मसीही समाज के १५० से अधिक बच्चे और युवा यीशु मसीह जन्म संदेश पर आधारित भक्ति गीत व रंगारंग नृत्य प्रस्तुत प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में एमडब्ल्यू फिलिप, रेव्ह. एनएम बरनाबास, रेव्ह. मीना भाटी, रेव्ह. मनीष राव, पास्टर फ्रेंकलिन, रेव्ह. स्टीफन सैमसन, रेव्ह. बिनॉय जॉन, पास्टर सैमराजा व पास्टर राजू थॉमस आदि के सान्निध्य में क्रिसमस कैरोल्स प्रस्तुत किया जाएगा।
ये कार्यक्रम होंगे आकर्षक
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में लघु नाटिका के माध्यम से प्रभु यीशु जन्म प्रसंग को साकार किया जाएगा। क्रिसमस और सांताक्लॉज की कहानी भी जीवंत होगी। क्रिसमस ट्री संदेश सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रहेगा। कार्यक्रम के अंत में जिंगल बेल पर सामूहिक डांस और गीतों के माध्यम से प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा।