जोधपुर

क्रिसमस पर्व के चलते रोशनी से नहाए चर्च, 20 फीट का स्टार बना आकर्षक का केन्द्र

प्रभु यीशु मसीह के जन्म दिन ‘क्रिसमस’ के उपलक्ष्य में सूर्यनगरी के सभी प्रमुख चर्च में सजावट व आकर्षक रोशनी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। तारघर के पीछे स्थित एसएम चर्च में 20 फीट का स्टार निर्मित कर चर्च के बेल टॉवर पर लगाया गया है।
2 min read
Dec 24, 2019
christmas celebrations in churches in jodhpur
क्रिसमस पर्व के चलते रोशनी से नहाए चर्च, 20 फीट का स्टार बना आकर्षक का केन्द्र

जोधपुर. प्रभु यीशु मसीह के जन्म दिन ‘क्रिसमस’ के उपलक्ष्य में सूर्यनगरी के सभी प्रमुख चर्च में सजावट व आकर्षक रोशनी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। तारघर के पीछे स्थित एसएम चर्च में 20 फीट का स्टार निर्मित कर चर्च के बेल टॉवर पर लगाया गया है। स्टार को सचिन लॉयल ने तैयार किया है। क्रिसमस के उपलक्ष्य में जोधपुर में पहली बार एसएम चर्च परिसर में प्रभु यीशु जन्म से जुड़े ‘क्रिब’ और पुनरुत्थान तक की कुल 10 झांकियां प्रदर्शित की जाएगी।

मसीही समाज के घरों में प्रभु यीशु जन्म ‘बड़े दिन’ से जुड़े खुशियों के गीत क्रिसमस कैरोल्स गायन का क्रम शनिवार को भी जारी रहा। एसएम चर्च और आराधनालय चर्च की यूथ कमेटी व पास्ट्रेट कमेटी की ओर से मसीही घरों में कैरोल सिंगिंग का आयोजन किया गया। शहर के गिरजाघरों में 24 दिसम्बर को मध्यरात्रि आराधना को लेकर मसीही समाज के लोगों में खासा उत्साह है। तारघर के पीछे स्थित एसएम चर्च, कुड़ी भगतासनी आराधनालय में चर्च के बाहर व भीतर रोशनी से सजाया जा रहा है।

सरदारपुरा सी रोड स्थित क्राइस्ट चर्च, रेजीडेन्सी रोड स्थित सेन्ट्रल मेथोडिस्ट चर्च एवं जेडीए सर्किल के पास सेंट थेरेसास् चर्च में क्रिसमस सजावट की तैयारियां शुरू हो गई है। एसएम चर्च के सचिव डेनिस एलेक्जेण्डर व नवीन पॉल ने बताया कि रविवार शाम 6 बजे एसएम चर्च में क्रिसमस स्नेह मिलन कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में चर्च वुमन फैलोशिप, सीवाईएफ एवं संडे स्कूल की ओर से क्रिसमस ट्री का आयोजन किया जाएगा।

मार्केट में भी क्रिसमस की बहार
जोधपुर के मार्केट में भी क्रिसमस थीम पर अलग-अलग तरह के केक, कैंडल्स व बधाई काड्र्स आदि की बहार छाने लगी है। शहर के सितारा होटलों और गेस्ट हाउस में पर्यटकों के लिए विशेष आयोजन किए जाएंगे। कई सितारा होटलों में एक पखवाड़े पूर्व ही केके मिक्सिंग के आयोजन के साथ क्रिसमस सेलिब्रेशन की तैयारियां शुरू कर दी गई थी।

Published on:
24 Dec 2019 03:14 pm