
जोधपुर. संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ( UPSE ) की ओर से 2 जून को देशभर में आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (आइएएस-प्री) के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। जोधपुर में 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए अपर जिला कलक्टर शहर कार्यालय में एक जून से नियंत्रण कक्ष खोला जाएगा। यूपीएससी ने इस साल 986 पदों के लिए आवेदन मांगे थे।
इसमें से 896 पद सिविल सेवा परीक्षा और शेष भारतीय वन सेवा परीक्षा से भरे जाने हैं। इसके लिए 19 फरवरी से रजिस्ट्रेशन शुरू किए गए थे। यूपीएससी ने ई-एडमिट कार्ड जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को यूपीएससी की वेबसाइट से इन्हें डाऊनलोड करना होगा। परीक्षा दो पारियों में होगी। दो प्रश्न पत्र होंगे। दोनों ही वस्तुनिष्ठ प्रकार के होंगे। प्री परीक्षा में सफल अभ्यर्थी सितम्बर में होने वाली मुख्य परीक्षा में बैठेंगे।
परीक्षा के लिए जोधपुर में नियंत्रण कक्ष 1 जून से सुबह 8 बजे 2 जून की रात 9 बजे तक चालू रहेगा। नियंत्रण कक्ष में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रांरभिक (डीईओ) प्रथम श्याम प्रकाश वाजपेयी, अतिरिक्त डीईओ अशोक विश्नोई, वरिष्ठ सहायक कार्यालय मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मनोज कुमा शर्मा, विष्णु प्रकाश सोलंकी, धीरेंद्र दवे, अनिल अरोड़ा की ड्यूटी लगाई गई है।