
जोधपुर।
इंदिरा गांधी नहर में मरम्मत व रखरखाव कार्यों के कारण 22 मार्च से सबसे लम्बी अवधि की नहरबंदी शुरू होगी। फिलहाल शुरुआती 40 दिनों तक पीने के लिए पानी मिलता रहेगा। लेकिन प्रशासन ने नहर व राजीव गांधी लिफ्ट केनाल की सुरक्षा के लिए चौकसी लगा दी है। वहीं नियमित शटडाउन के चलते 25 मार्च को शहर में जलापूर्ति नहीं होगी।
पंजाब सरकार की ओर से प्रस्तावित नहरबंदी 22 मार्च से शुरू हो जाएगी। 22 से 29 मार्च तक 4 हजार क्यूसेक पानी मिलता रहेगा। इसके बाद 28 अप्रेल तक 2 हजार क्यूसेक पानी सिर्फ पेयजल उपयोग के लिए नहर में छोड़ा जाएगा। जिसका 9 जिलों में उपयोग होगा। इसके बाद अगले 30 दिन तक नहर में स्टोरेज किए गए पानी से ही काम चलाना होगा। मई के अंत तक क्लोजर चलेगा और पंजाब से नहर के जरिये हर जिले तक पानी पहुंचाने में 4 से 5 दिन का समय लग सकता है।
25 को नहीं होगी जलापूर्ति
जलदाय विभाग की ओर से हर पखवाड़े लिए जाने वाले शटडाउन की कड़ी में 24 मार्च रात 8 बजे से 25 मार्च रात 8 बजे तक कायलाना पम्प हाउस एवं सुरपुरा फिल्टर हाउस, 24 तारीख रात्रि 12 बजे से 25 को रात 12 बजे तक चौपासनी फिल्टर हाउस और 25 तारीख सुबह 8 बजे से 26 को सुबह 8 बजे तक झालामण्ड फिल्टर हाउस पर शटडाउन रहेगा। 25 को होने वाली जलापूर्ति 26 और 26 को होने वाली जलापूर्ति 27 को होगी। सरस्वती नगर एवं कुडी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टरों में दिनांक 25 को सुबह 10 बजे तक जलापूर्ति सामान्य रूप से होगी। इन क्षेत्रों में 26 मार्च को होने वाली जलापूर्ति 27 व 27 को होने वाली जलापूर्ति 28 को होगी।